गोवा में होने वाली रक्षा प्रदर्शनी के लिए 46 देशों और 977 से अधिक कंपनियों ने पंजीकरण कराया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि यह आयोजन सतत वृद्धि के मार्ग को प्रशस्त करेगा। मंत्रालय ने इस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर समारोह के लिए तैयार अपनी वेबसाइट पर कहा,‘डेफएक्स्पो इंडिया 2016, जल, थल और आंतरिक सुरक्षा प्रणाली की इस प्रदर्शनी का आयोजन 28-31 मार्च 2016 को दक्षिण गोवा के क्यूपेम तालुका के नेक्वेरी क्विटोल क्षेत्र में किया जाएगा।’ यह द्विवार्षिक प्रदर्शनी का नौवां संस्करण है।
वेबसाइट पर कहा गया,‘यह प्रदर्शनी स्पष्ट रूप से सतत वृद्धि के मार्ग को प्रशस्त कर रही है और इसे हर संस्करण के साथ अप्रत्याशित प्रतिक्रिया मिल रही है।’ यह पहला मौका है जब यह प्रदर्शनी दिल्ली के बजाय गोवा में लग रही है। मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 977 कंपनियों और 46 देशों ने इस प्रदर्शनी में भागीदारी के लिए पंजीकरण कराया है। इस आयोजन में अमेरिका, रूस, स्वीडन, कोरियाई गणतंत्र, स्विट्जरलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और पुर्तगाल आदि देशों ने अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। मंत्रालय ने कहा कि इस प्रदर्शनी का आठवां आयोजन फरवरी 2014 में हुआ था। जिसमें घरेलू और विदेशी कंपनियों ने पिछली प्रदर्शनियों के मुकाबले ज्यादा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।