उत्तर प्रदेश की आध्यात्मिक नगरी अयोध्या में रविवार को दो विश्व रिकॉर्ड बने। भव्य दीपोत्सव समारोह के दौरान एक साथ 26,17,215 दीप प्रज्वलित किए गए और 2,128 लोगों ने एक साथ सरयू आरती की। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नौवें भव्य दीपोत्सव का उद्घाटन किया।

पहला गिनीज पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय को सबसे बड़ी संख्या में तेल के दीये जलाने के लिए दिया गया। दूसरा गिनीज पुरस्कार सर्वाधिक लोगों (2128) द्वारा एक साथ आरती करने के लिए दिया गया। यह पुरस्कार पर्यटन विभाग, अयोध्या जिला प्रशासन, अयोध्या और सरयू आरती समिति, अयोध्या को मिला।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ के प्रतिनिधियों ने ड्रोन से की गई दीयों की गिनती के बाद रिकॉर्ड्स बनने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन रिकॉर्ड्स के प्रमाणपत्र प्राप्त किए।

सरयू नदी के किनारे इकट्ठा हुए लोग

दीपोत्सव के भव्य आयोजन में अयोध्या की आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक वैभव का अद्भुत प्रदर्शन किया गया। इस ऐतिहासिक समारोह को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग राम की पैड़ी पर सरयू नदी के किनारे इकट्ठा हुए।

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और अयोध्या के जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से दीपोत्सव का आयोजन किया था। 

इस मौके पर योगी ने कहा, ‘‘जब हमने 2017 में अयोध्या धाम में दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया, तो इसके पीछे हमारा उद्देश्य दुनिया को यह दिखाना था कि वास्तव में दीप कैसे जलाए जाते हैं।’’ मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रति विपक्षी दलों के रुख को लेकर उन पर निशाना साधा।

योगी ने कहा, ‘‘इसी अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने कहा था कि राम एक मिथक हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं।’’

‘सपा ने राम भक्तों पर अयोध्या में गोलियां चलाई थी’

सैफई महोत्सव पर खर्च करते थे पैसा- योगी आदित्यनाथ

इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जो लोग आपकी आस्था का अपमान करते थे। जिन्होंने अयोध्या की सड़कों को राम भक्तों और कारसेवकों के खून से भर दिया था। आज उन्हें अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम पसंद नहीं आ रहा है। जो लोग प्रदेश की सत्ता में रहते हुए दीपोत्सव, रंगोत्सव और देव दीपावली कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखते थे लेकिन सैफई महोत्सव और कब्रिस्तान की बाउंड्री के नाम पर प्रदेश का खजाना खर्च करते थे।”

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज अयोध्या धाम में 26,17,000 से अधिक दीप जलाए गए हैं। ये दीप अयोध्या के ही प्रजापति और कुम्हार जाति के लोगों की मेहनत का परिणाम हैं। ये लोग नहीं चाहते थे कि इन लोगों को नौकरी मिले।”

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अयोध्या में आए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अयोध्या अब ‘‘विकास और विरासत का अद्भुत संगम’’ प्रस्तुत करता है। उत्सव की भव्यता जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 51 लाख दीप जलाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश को पहचान के संकट का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जहां कभी गोलियां चलती थीं, आज वहां दीप जलाए जा रहे हैं।’’

‘रंग में भंग डालने का काम किया तो…’, दीपावली-धनतेरस से पहले सीएम योगी ने दी चेतावनी

इससे पहले योगी सरकार के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में रामायण काल की झांकियों को जय श्रीराम का ध्वज लहराकर रवाना किया। सरकार की ओर से जारी किए गए बयान के मुताबिक, सूचना विभाग, अयोध्या विकास प्राधिकरण और पर्यटन-संस्कृति विभाग की कुल मिलाकर 22 झांकियां, जैसे ही रामपथ से गुजरीं, श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सजीव पात्रों और आधुनिक तकनीक से सजी इन झांकियों में श्रीराम के जीवन और रामायण के सातों कांड-बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किन्धाकांड, सुंदरकांड, लंकाकांड और उत्तरकांड का प्रदर्शन किया गया है।

कलाकारों ने संगीत, नृत्य और अभिनय के माध्यम से त्रेतायुग की मर्यादा, भक्ति और आदर्शों को जीवंत कर दिया। इस मौके पर मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 से लगातार भगवान राम की पावन धरती पर दीपोत्सव का कार्यक्रम दिव्यता, भव्यता और अलौकिकता के साथ मनाया जा रहा है।

दिवाली से पहले बड़ा तोहफा! यूपी के 14.82 लाख सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, जानें मिलेगा कितना बोनस