समुद्री तूफान पे-ती (फेथई) के चलते यातायात पर असर पड़ने लगा है। सोमवार को दोपहर के बाद इसके आंध्र प्रदेश के मछलीपटनम और काकीनाड़ा के बीच समुद्री तट से टकराने की आशंका है। इसके चलते आंध्र प्रदेश में 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं एक ट्रेन का समय बदला गया और एक को आंशिक तौर पर रद्द किया गया है। रविवार को तमिलनाडु के समुद्री तट लगभग 486 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के चलते यह समुद्री तूफान उठा था।

कई राज्यों में दिखने लगा असर

पे-ती बेहद तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसका असर उत्तरी तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के साथ-साथ छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी होने की आशंका है। इन राज्यों में ठंडी हवाओं और हल्की बारिश की संभावना है। इसके चलते तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। साइक्लोन चेतावनी केंद्र के निदेशक एस बालचंद्रन के मुताबिक फेथई के उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश में तटीय इलाकों से टकराने के दौरान करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

Cyclone Phethai LIVE Updates

मछुआरों को तट से दूर रहने का आदेश

तटीय राज्यों में स्थानीय प्रशासन ने प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयारियां कर रखी हैं। समुद्री इलाकों में मछुआरों को तट से दूर रहने के लिए कहा गया है। पे-ती का असर कितने दिन रहेगा इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन अनुमान के मुताबिक शुरुआती 48 घंटों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।