Cyclone Fany के चलते बंगाल की खाड़ी से सटे राज्यों में कई जगहों से भयंकर वीडियो सामने आए हैं। शुक्रवार (03 मई) को तूफान का सबसे ज्यादा असर ओडिशा में होने की आशंका जताई गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी तूफान का असर हो रहा है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के अधिकांश तटीय शहरों में जबर्दस्त बारिश हो रही है, वहीं देर शाम तक तूफान के पश्चिम बंगाल तक पहुंचने की आशंका है। इन इलाकों में तेज हवाओं के चलते कई जगह यातायात प्रभावित हुआ है। पेड़ गिरने के चलते सड़कें अवरूद्ध हो गई है।

तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिशः हैदराबाद के मौसम विभाग के मुताबिक ओडिशा के पुरी में 240 से 245 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। समुद्र तटीय इलाकों में लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। भुबनेश्वर में तेज हवाएं और बारिश का कहर जारी है।

पुरी में तेज हवाओं के साथ बारिशः तूफान के चलते पुरी में भी 175 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। यह ओडिशा के सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शुमार है।

दीघा में तूफान की आहटः पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय इलाके दीघा में तूफान आने से पहले तेज हवाएं चल रही हैं। रात करीब साढ़े 8 बजे तक फानी के पश्चिम बंगाल पहुंचने की आशंका है। वहां करीब दो दिनों तक इसका असर रहने की आशंका है।

फानी तूफान के चलते यातायात व्यवस्था भी चरमरा गई है। शुक्रवार (3 मई) को रेलवे ने 10 और ट्रेनें रद्द कर दीं। यातायात करीब एक हफ्ते तक प्रभावित रहने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के दीघा क्षेत्र में प्रशासन ने बसों का इंतजाम किया है ताकि यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी न हो।

 

उल्लेखनीय है कि फानी तूफान ओडिशा से आगे बढ़कर अब पश्चिम बंगाल की दिशा में जा रहा है। इसके शाम करीब साढ़े 8 बजे पश्चिम बंगाल तक पहुंचनी की संभावना है।