पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके में रविवार रात की सात साल की एक बच्ची से सामूहिक बलात्कार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद की हालत गंभीर बन गई थी। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों की पहचान 19 साल के भूरे, 21 साल के आमीर व 19 साल के ही भीमसेन के रूप में हुई है। पीड़ित बच्ची परिजनों के साथ यमुना खादर में रहती है। यहां इलाके के लोग अक्सर अपने घरों के बाहर ही सोते हैं। बच्ची भी अपने परिजनों के साथ घर के बाहर सो रही थी। रात करीब 11 बजे जब वह नींद में थी, तभी पड़ोस में रहने वाले दो युवक उसे अपने एक अन्य साथी के साथ उठाकर जंगल की तरफ ले गए।

इसके बाद तीनों ने उसके साथ बलात्कार किया। जिससे बच्ची की हालत नाजुक हो गई। इसके बाद तीनों आरोपी उसे करीब घंटे बाद घर के पास छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने उसे तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है। अभी भी उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार देर रात जिले के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।