2019 Lok Sabha Election : पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के सलाहकार नियुक्त किए गए आशीष कुमार को कांग्रेस ने बुधवार को बर्खास्त कर दिया। आशीष बिहार पेपर लीक मामले में आरोपी है, जिसके चलते कई विरोधी दलों ने उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए थे। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी में प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए तीन-तीन सलाहकार नियुक्त किए थे। उनमें आशीष भी शामिल थे। अब आशीष की जगह सचिन नायक को प्रियंका गांधी का तीसरा सलाहकार नियुक्त किया गया है।

कांग्रेस ने की आधिकारिक घोषणा : पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आशीष की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। आशीष के स्थान पर सचिन नायक को सचिव बनाया गया है। दरअसल, कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में दोनों प्रभारी महासचिवों प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया के सहयोग के लिए मंगलवार रात 3-3 सचिव नियुक्त किए थे, जिनमें एक नाम कुमार आशीष का भी था।

ऐसे हुआ विवाद : बिहार में जदयू और सोशल मीडिया में कुछ लोगों ने पेपर लीक के एक पुराने मामले से आशीष का नाम जोड़ते हुए उनकी नियुक्ति पर सवाल खड़े किए थे। अब प्रियंका के साथ जुबैर खान, बाजीराव खाडे और सचिन नायक सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, सिंधिया के सहयोग के लिए राणा गोस्वामी, धीरज गुर्जर और रोहित चौधरी को सचिव बनाया गया है।

प्रियंका और सिंधिया के पास यह है जिम्मेदारी : गौरतलब है कि 23 जनवरी 2018 को प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव-प्रभारी (पूर्वी उत्तर प्रदेश) और ज्योतिरादित्य सिंधिया को महासचिव-प्रभारी (पश्चिमी उत्तर प्रदेश) नियुक्त किया गया था। प्रियंका को 41 और सिंधिया को 39 लोकसभा सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।