मध्यप्रदेश में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो अलीराजपुर जिले में जीत दर्ज करने वाली महिला कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया का है। यह वीडियो जिले के कट्ठीवाड़ा इलाके का बताया जा रहा है, जिसमें कलावती भूरिया ने गुरुवार को कलेक्टर गणेश शंकर मिश्र के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कलेक्टर को ट्रांसफर की धमकी दी। वहीं, प्रदेश सरकार ने अगले ही दिन कलेक्टर का तबादला भी कर दिया।

यह है वीडियो में
वीडियो में कांग्रेस विधायक कलावती भूरिया कलेक्टर गणेश शंकर मिश्र को धमका रही हैं। भूरिया कह रही हैं कि अब कुछ ही दिन अलीराजपुर जिले की ‘रोटी खा ले’। इसके बाद कलेक्टर यहां नहीं रह पाएंगे। इसके अलावा कलावती भूरिया ने कलेक्टर समेत अन्य कर्मचारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की।

अधिकारियों को दी चेतावनी
विधायक बनने के बाद भूरिया ने एक सभा की थी। यह वीडियो उसी सभा का है। इसमें उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि वे अपनी कार्यशैली सुधार लें। वहीं, मतदाताओं का शुक्रिया अदा करते हुए भूरिया ने कहा कि आप लोगों को अब डरने की जरूरत नहीं है।

 

स्थानीय सांसद की भतीजी हैं कलावती भूरिया
पहली बार विधायक बनीं कलावती भूरिया कांग्रेस के स्थानीय सांसद कांतिलाल भूरिया की भतीजी हैं। वे 18 साल से झाबुआ की जिला पंचायत अध्यक्ष थीं। इस बार विधानसभा चुनाव में जीत करके जोबट से विधायक बनी हैं। कलावती की धमकी के अगले ही दिन मध्यप्रदेश में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया। इस दौरान अलीराजपुर के कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा का तबादला सीहोर कर दिया गया।