कांग्रेस ने आगामी आम चुनावों को देखते हुए प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया को अहम जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश की सीटों की जिम्मेदारी तय कर दी है। खबर के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी को गोरखपुर से कानपुर मंडल तक 42 सीटों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया के कंधों पर पश्चिमी यूपी की 38 सीटों का दारोमदार रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ दोनों नेता सोमवार को लखनऊ पहुंचेंगे, जिसे देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, प्रियंका गांधी लखनऊ में एक रोड शो भी करेंगी, जो कि अमौसी एअरपोर्ट से शुरु होकर यूपी कांग्रेस के मुख्यालय पर जाकर खत्म होगा। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के उन्नाव से चुनाव अभियान की शुरुआत कर सकती हैं। उल्लेखनीय है कि उन्नाव से भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर पर एक नाबालिग से बलात्कार का आरोप है। 12,13 और 14 फरवरी को प्रियंका गांधी लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी।

इन सीटों की मिली जिम्मेदारीः भारत की राजनीति में उत्तर प्रदेश की खासी अहमियत है। यही वजह है कि प्रियंका गांधी ने राजनीति में उतरते ही उत्तर प्रदेश पर फोकस किया है। बता दें कि प्रियंका गांधी के जिम्मे जो सीटें आयी हैं, उनमें धौरहरा, सीतापुर, मिश्रिख, उन्नाव, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फतेहपुर, कौशाम्बी, फूलपुर, इलाहाबाद, बाराबंकी, फैजाबाद, अंबेडकरनगर, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, गोण्डा, डुमरियागंज, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, लालगंज, आजमगढ़, घोसी, सलेमपुर, बलिया, जौनपुर, मछलीशहर, गाजीपुर, चन्दौली, वाराणसी, भदोही, मिर्जापुर और राबर्ट्सगंज शामिल हैं।

वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को जिन सीटों की जिम्मेदारी दी गई है, उनमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, सम्भल, अमरोहा, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बंदायू, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, खीरी, हरदोई, फरुखाबाद, इटावा, कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, जौलान, झांसी, हमीरपुर, बांदा।