ऑल इंडिया हिंदू फेडरेशन ने डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें राम रहीम भगवान विष्णु के जैसा वेश धारण कर आसमान से उतरते दिख रहे हैं। फेडरेशन के अध्यक्ष निशांत शर्मा ने सोमवार को कहा, ‘हमने एक वीडियो देखा है, जिसमें गुरमीत राम रहीम भगवान विष्णु जैसा वेश धारण किए हैं। यह धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। ‘
Read Also: ऋषि कपूर, बोले- मैं राम रहीम का किरदार अदा करूंगा, देखता हूं कौन गिरफ्तार करता है
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही ‘कॉमेडी नाइट विद कपिल’ के कलाकार किकू शारदा को हरियाणा पुलिस गिरफ्तार कैथल ले आई थी। उनके खिलाफ राम रहीम समर्थकों ने धार्मिक भावनाएं आहत करने का केस दर्ज कराया था। इस मामले को लेकर हरियाणा सरकार की सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई थी। अब खुद राम रहीम पर भावनाएं आहत करने का आरोप लगा है, ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या पुलिस राम रहीम को भी गिरफ्तार करेगी? राम रहीम के खिलाफ ऑल इंडिया हिंदू फेडरेशन संगठन ने जीरकपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

राम रहीम पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
आपको बता दें कि इससे पहले राम रहीम पर सिखों के अंतिम गुरु गोविंद सिंह के जैसी पोशाक पहनने के भी आरोप लग चुके हैं। उस मामले में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था और सिखों ने कई राज्यों में राम रहीम के खिलाफ प्रदर्शन किए थे।


