युवा दिवस (12 जनवरी) पर झारखंड के सीएम रघुवर दास ने शनिवार शाम राजधानी रांची के बड़ा तालाब (रांची झील) में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। दावा है कि यह राज्य की सबसे बड़ी प्रतिमा है। इसकी ऊंचाई 33 फीट और वजन 9.8 टन है। इस प्रतिमा का निर्माण नोएडा की राम सुतार आर्ट क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने किया है। यह उन्हीं पद्मभूषण मूर्तिकार राम वी सुतार की कंपनी है, जिन्होंने गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा (स्टैचू ऑफ यूनिटी) बनाई।

2018 में होना था अनावरण : बता दें कि बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण की योजना मई 2017 में तैयार की गई थी। उस वक्त झील में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना बनाई गई। सीएम रघुबर दास ने इस योजना का शिलान्यास किया था। उस वक्त प्लान था कि 12 जनवरी 2018 को इस प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के चलते ऐसा नहीं हो सका। शुरुआत में इस योजना की लागत 14 करोड़ रुपए प्रस्तावित थी, लेकिन निर्माण कार्य में देरी के कारण 17 करोड़ रुपए खर्च हुए। हालांकि, प्रतिमा के निर्माण में तीन करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

तालाब के बीचोंबीच बनी है प्रतिमा : स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा 4 हिस्से में बंटी थी, जिसे वेल्डिंग करके जोड़ा गया। रोटरी पार्क से प्रतिमा तक जाने के लिए फुटब्रिज बनाया गया है। प्रतिमा के अनावरण के साथ बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण का पहला चरण पूरा हो चुका है।