दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में आज कुछ अज्ञात लोगों ने एक गिरजाघर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की जिससे ईसाई समुदाय के लोगों में नाराजगी है। नवंबर के बाद से चर्च पर हमले की यह पांचवीं घटना है जिसे ईसाई समुदाय के लोगों ने नफरत भरा अभियान करार दिया। सेंट अल्फोंजा चर्च की यह घटना शनिवार को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव से महज पांच दिन पहले घटी है।
पुलिस ने बताया कि कुछ अज्ञात लोग देर रात करीब एक बजे मुख्य द्वार तोड़कर चर्च परिसर में घुस गये और कई पवित्र वस्तुओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस के अनुसार चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हम घटना की जांच कर रहे हैं। आरोपियों की पहचान करने के लिए गिरजाघर के पास लगाए गए सीसीटीवी के फुटेज को भी देखा जा रहा है। हम मामले में सभी कोणों से जांच कर रहे हैं।’’
चर्च के पादरी फादर विन्सेन्ट सल्वातोरे ने आरोप लगाया कि यह साफतौर पर चर्च को अपवित्र करने का मामला है। उन्होंने कहा ‘‘पिछले कई महीने से यह हो रहा है। दिलशाद गार्डन में सेंट सेबेस्टियन गिरजाघर में ऐसा हुआ, फिर विकासपुरी में और उसके बाद जसोला में, यह पांचवा गिरजाघर है।’’
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना पर दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस से यथासंभव जल्द रिपोर्ट देने को कहा है जिसमें यह जानकारी हो कि शहर में धर्मस्थलों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाये जा रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पुलिस से यह भी बताने को कहा गया है कि पिछले छह महीने में धार्मिक स्थानों पर हमलों के मामले में कितने लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दिल्ली के आर्चबिशप अनिल काउटो ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह हमला अल्पसंख्यकों और उनके धार्मिक भवनों को संरक्षण देने में सरकार की विफलता को झलकाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के अलग अलग स्थानों पर चर्चों पर बढ़ते हमले समुदाय के बीच डर पैदा करने की कोशिश के मकसद से किये जा रहे हैं।
पिछले साल नवंबर के बाद से शहर में चर्चों को निशाना बनाये जाने की यह पांचवी घटना है। बीते माह पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी इलाके में एक गिरजाघर में कथित तौर पर तोड़फोड़ की गई थी। दिसंबर में दिलशाद गार्डन स्थित सेंट सेबेस्टियन चर्च आंशिक रूप से जल गया था। ईसाई समुदाय ने इस घटना में कथित साजिश का आरोप लगाया था।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के एक सदस्य ने भी वसंत कुंज इलाके के चर्च में आज की घटना के बाद उसका दौरा किया।