दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने चार लोगों को अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन को मारने का प्लान बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। चारों पर दाउद इब्राहिम के साथी छोटा शकील के गुर्गे होने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक चारों लोग छोटा शकील के कहने पर जेल में बंद छोटा राजन को मारने का प्लान बना रहे थे। पुलिस ने जिन लोगों को पकड़ा है उनके नाम रोजर रोबिनसन, जुनैद, युनूस और मनीष हैं। रोबिनसन को रोहिणी, जुनैद को सीलमपुर, युनूस को गाजियाबाद और मनीष को नोएडा का बताया जा रहा है।

स्पेशल सेल ने चारों को तिहाड़ भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि ये लोग पहले छोटा राजन के ड्राइवर को मारने वाले थे। इन लोगों ने राजन को जेल से कोर्ट या कोर्ट से जेल ले जाते वक्त मारने का प्लान बनाया था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इनमें से एक शख्स लगातार शकील के संपर्क में था।

Read alsoतिहाड़ में छोटा राजन की जान को खतरा, कानून अधिकारी को आया SMS “कब तक बचाओगे?

स्पेशल सेल ने इनके पास से 9mm की एक पिस्टल, दो दर्जन के ज्यादा कारतूस और 40 हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने इन लोगों के फोन भी जब्त कर लिए हैं।

27 साल से फरार चल रहे छोटा राजन को बाली में गिरफ्तार किया गया था। 55 साल के राजन पर हत्या, जबरन वसूली, ड्रग्स की तस्करी जैसे 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जेल के अधिकारियों को राजन को जान से मारने की धमकी वाल एक मैसेज भी आया था।