छत्तीसगढ़ से सीएम रमन सिंह ने बीजापुर को माओवादियों का गढ़ बताते हुए कहा है कि माओवादियों ने वहां पर पिछले दो सालों में बीजेपी के 70 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को मार दिया है। बावजूद इसके, वह और उनके कार्यकर्ता हालात सुधारने जी-जान लगाकर काम कर रहे हैं। इस बयान के बाद कांग्रेस को उन्हें घेरने का जैसे मौका सा मिल गया। कांग्रेस की तरफ से कहा जा रहा है कि जब रमन सिंह अपने कार्यकर्ताओं की ही सुरक्षा नहीं कर सकते तो फिर आम आदमी को वह कैसे सुरक्षित रखेंगे।
रमन सिंह ने यह बात भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कही। दो दिन की यह बैठक अंबिकापुर में हो रही। रमन सिंह ने यह बात पत्रकार के उस सवाल के जवाब में कही थी जिसमें बीजापुर में माओवादियों के डर से पार्टी छोड़ रहे उनके कार्यकर्ताओं के बारे में पूछा गया था।
रमन सिंह ने कहा, ‘ऐसा है अगर आप बीजापुर में रहते तो यह प्रश्न शायद धीरे करते। बीजापुर की परिस्थिति की बात अंबिकापुर में नहीं की जा सकती। पिछले दो सालों में हमारे 70 कार्यकर्ताओं को नक्सलियों ने गोली मार दी। बाजार में उनकी हत्या कर दी गई। आप उसे राजनीतिक चश्में से ना देखें। आने वाले समय में हम वहां की परिस्थितियां बदलेंगे।’
हाल में शुक्रवार (10 जून) को माओवादियों ने रामसय माजी की हत्या कर दी थी। वह बीजापुर से बीजेपी के जिला पंचायत के सदस्य थे।
सोर्स- youtube