Cabinet Expansion in Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने के बाद से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा जारी है। 10 महीने बीतने के बाद भी अभी तक मंत्रिमंडल विस्तार नहीं हो सका है। हिमाचल मंत्रिमंडल में फिलहाल तीन जगह खाली हैं। यहां मुख्यमंत्री को मिलाकर कुछ 12 सदस्य मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। फिलहाल इनकी संख्या 9 है। ऐसे में खाली जगहों को भरने की कवायद शुरू हो चुकी है।
कब होगा मंत्रिमंडल विस्तार?
हिमाचल में शारदीय नवरात्र में मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है। 15 अक्टूबर से शुरू हो रहे नवरात्र के दौरान मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कांग्रेस आलाकमान की ओर से हरी झंडी मिल गई है। लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले इस मंत्रिमंडल विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। इस मंत्रिमंडल विस्तार के बहाने ना सिर्फ जातीय समीकरण साधने की कोशिश होगी बल्कि चुनावी रणनीति के लिए भी यह अहम होगा।
इन लोगों को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह
प्रमुख चेहरों की बात करें तो इसमें सबसे पहला नाम जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा का है। दरअसल कांगड़ा से कुल 16 विधानसभा हैं। इनमें से 10 सीटों पर कांग्रेस को जीत मिली थी। फिलहाल यहां से कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ही मंत्रिमंडल में अपने जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में यादविंदर गोमा का नाम भी आगे चल रहा है। इसके अलावा धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा का नाम भी मंत्रिमंडल विस्तार में आगे चल रहा है। सुधीर शर्मा एक अकेले ऐसे विधायक हैं जो वीरभद्र सरकार में तो मंत्री रहे, लेकिन सुक्खू सरकार में उन्हें मंत्री बनने का मौका नहीं मिला। वहीं घुमारवीं से विधायक राजेश धर्माणी का नाम भी आगे चल रहा है। सुजानपुर राजिंदर राणा का नाम भी मंत्रिमंडल विस्तार की लिस्ट में आगे चल रहा है।