उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र के चोंढेरा गांव में परदादी और पोते को एक सांप ने काट लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चोंढेरा निवासी नरेंद्र का 5 वर्षीय बेटा कपिल और उनकी 80 वर्षीय दादी सोमवती एक ही चारपाई पर सो रहे थे।

नरेंद्र के अनुसार रात करीब 12 बजे दादी सोमवती ने जोर से आवाज लगाई। इसके बाद सभी लोग जागकर उनके पास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चारपाई के पास एक काले रंग का सांप देखा, जो बाहर की ओर भाग गया। इसके बाद लोग इकट्ठा हुए और अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू करते हैं। इसी दौरान दादी सोमवती और बेटे कपिल का शरीर ठंडा पड़ने लगा था।

पीड़ित परिजन दोनों को इलाज के लिए नजदीकी निजी चिकित्सक के पास पहुंचते हैं लेकिन उसने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वह बचाने की आस में बुलंदशहर के निजी अस्पताल लेकर गए और वहां पर भी दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।

सर्पदंश पर क्या करें?

  • उत्तर प्रदेश की गाइडलाइंस के अनुसार यदि किसी व्यक्ति को सांप ने काटा है तो उसे पहले यह भरोसा दिलवाएं की 90% सांप जहरीले नहीं होते हैं।
  • जिस व्यक्ति को सांप ने काटा है, उसे व्यक्ति के प्रभावित अंग को स्थिर कर दें और हिलने ना दें।
  • पीड़ित को तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं। वही सांप के रंग को देखने के बाद उसे याद रखने की कोशिश करें।
  • सांप काटने के तुरंत बाद घाव को साफ पानी और साबुन से साफ कर दें।
  • पीड़ित व्यक्ति को किसी प्रकार की शारीरिक क्रिया न करने दें
  • जिस व्यक्ति को सांप ने काटा है, उसके घबराहट को दूर करें, क्योंकि घबराहट से जहर बहुत तेजी से फैलता है।
  • मरीज के घाव से किसी प्रकार की छेड़छाड़ ना करें।
  • मान्यता प्राप्त चिकित्सक के परामर्श से इलाज करवाएं।
  • पीड़ित व्यक्ति को तुरंत एंटीवेनम दिया जाए।