Pune Bridge On Indrayani River Collapsed: पुणे की इंद्रायणी नदी पर पुल टूटने से 10 से 15 पर्यटक बह गए हैं, कुछ का रेस्क्यू किया गया है। इस समय दो लोगों की मौत की पुष्टि भी कर दी गई है। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कई लोग पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। इस समय रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।
बताया जा रहा है कि जिस समय पुल पर कई पर्यटक चढ़े हुए थे, तब वो अचानक से टूट गया। बड़ी बात यह है कि इस पुल को दो से तीन महीने पहले बंद कर दिया गया था, लेकिन फिर भी यहां पर्यटक लगातार आ रहे थे। इसी वजह से जांच की जाएगी कि यह हादसा कहीं किसी लापरवाही की वजह से तो नहीं हुआ। इस समय मौके पर भारी भीड़ मौजूद है, स्थानीय लोग भी लगातार मदद कर रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि पुणे की इंद्रायणी नदी एक बड़ा पर्यटन स्थल है, हर साल इस मौसम लोग यहां आते हैं। लेकिन पिछले कुछ समय से इस पुल को बंद किया गया था, लेकिन फिर भी लोगों का आना जारी था। शुरुआती जानकारी के अनुसार ज्यादा दबाव की वजह से पुल टूट गया। इस हादसे के बारे में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस समय बहे हुए लोगों के रेस्क्यू पर जोर दिया जा रहा है। SDRF और NDRF की टीम भी पहुंचने वाली है।
अब यह कोई पहली बार नहीं जब इस तरह से कोई पुल टूटने से हादसा हुआ है। कुछ साल पहले गुजरात के मोरबी में भी ब्रिज टूटने से 135 से ज्यादा लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी। उस हादसे के बाद भी प्रशासन की लापरवाही सामने आई थी, पुल की क्वालिटी को लेकर भी सवाल उठे थे। अब यहां भी जो इंद्रायणी नदी पर बना पुल टूटा है, वो पुराना बताया जा रहा है, इसी वजह से उसे बंद भी किया गया था। लेकिन लोगों ने अतिउत्साह में उस पुल पर इकट्ठा होने की कोशिश की और इतना बड़ा हादसा हो गया।