उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में बेहद ही चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार को एक ही परिवार के पांच सदस्य, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे, घर के अंदर मृत पाए गए हैं। एक व्यक्ति का शव घर के सीलिंग फैन में लटकता मिला, उसकी पत्नी का शव घर के फ्रिज में मिला। उसके अलावा दो बच्चियों का शव सूटकेस और अल्मारी में मिला। वहीं एक अन्य बच्ची का शव घर के दूसरे कमरे में मिला।

पुलिस ने जानकारी दी है कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था और पुलिस को अंदर जाने के लिए घर का दरवाजा तोड़ने पड़ा था। पुलिस अधिकारी नितिन तिवारी ने कहा, ‘ऐसा लग रहा है कि मृतक मनोज कुशवाहा ने पहले अपनी पत्नी और तीनों बेटियों को मारा और फिर खुद आत्महत्या कर ली।’ पुलिस की तरफ से इस घटना के पीछे पारिवारिक विवाद होने की बात कही जा रही है। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि हो सकता है कि पति को अपनी पत्नी के ऊपर अफेयर होने का शक रहा हो। फिलहाल पुलिस इस मामले की पड़ताल कर रही है।

पिछले महीने मदुरई में भी एक महिला द्वारा अपने बच्चों की हत्या और फिर सुसाइड कर लेने बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया था। यहां महिला ने अपने दो बच्चों को प्लास्टिक के बैग में बंद कर दिया था, जिसकी वजह से दम घुटने से दोनों बच्चों की मौत हो गई थी। उसके बाद महिला ने खुद को फांसी पर लटका दिया था। महिला ने सुसाइड नोट भी छोड़ा था, जिसमें उसने अपने पति के ऊपर आरोप लगाया था कि वह गलत आरोप लगाकर उसे बच्चों के सामने ही डांटता और गाली बकता था।

जुलाई की शुरुआत में भी झारखंड के हजारीबाग में एक परिवार मृत मिला था। यहां दो लोगों का शव फांसी पर लटकता मिला था, तो वहीं दो अन्य लोगों का गला कटा मिला था। एक अन्य व्यक्ति की छत से कूदने के कारण मौत हो गई थी तो वहीं एक बच्चे ने जहर के कारण दम तोड़ा था। इस केस में भी सुसाइड नोट मिला था, जिसमें यह जानकारी दी गई थी कि परिवार के ऊपर 50 लाख रुपए का कर्जा था और वे लोग उसे चुकाने में असमर्थ थे।