कर्नाटक के करवर में संतुलन बिगड़ने के चलते एक नाव अरब सागर में पलट गई। इस नाव में 24 लोगों के सवार होने की जानकारी मिली थी। अब तक 16 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। सभी शव नौसेना, मछुआरों और भारतीय तटरक्षक बलों ने बरामद किए हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है। हादसा तटीय शहर करवर में सोमवार की सुबह हुआ है। स्थानीय प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है। फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है।
गोवा से उड़ा डोर्नियर विमानः नौसेना की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया, ’16 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। बाकी लोगों को तलाशने के लिए हवाई और सतही दोनों तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। बाकी लोगों के समुद्र की तरफ बहने की आशंका के चलते गोवा से डोर्नियर विमान भी लॉन्च किया गया है।’
प्राप्त जानकारी के मुताबिक ये सभी लोग करवर जिले से दूर द्वीप पर स्थित एक मंदिर में दर्शन करने गए थे। वापस लौटते समय यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शी ने टीम के साथ बचाई दो की जानः एक स्थानीय जनप्रतिनिधि रुपाली नायक भी इस दौरान दूसरी नाव पर मौजूद थीं। उन्होंने अपनी आंखों से इस हादसे को देखा है। उनका कहना है कि उन्होंने और उनकी टीम ने हादसे के तुरंत बाद वहां जाकर पीड़ितों को बचाने की कोशिश की वे दो लोगों को पानी से बाहर निकालने में कामयाब रहे। अब तक सरकार की तरफ से मुआवजे का ऐलान किए जाने या दोषियों पर प्रशासनिक कार्रवाई किए जाने की खबर नहीं आई है।