MLA Ajay Singh: उत्तर प्रदेश के बस्ती में रविवार (16 अक्टूबर, 2022) को बाढ़ प्रभावित इलाकों में लंच पैकेट और राहत सामग्री पहुंचाने जा रहे विधायक अजय सिंह की नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हालांकि, विधायक की सूझ-बूझ से बड़ी दुर्घटना होने से बच गई और लोगों को सुरक्षित किनारे पर पहुंचाया गया।

विधायक विक्रमजोत विकास क्षेत्र के बाढ़ आपदा से प्रभावित गांव माझाकिता अव्वल गांव में लंच पैकेट और राहत सामग्री पहुंचाने जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी बस्ती, उपजिलाधिकारी हर्रैया भी थे। इस दौरान उनकी नाव किसी मजबूत चीज से टकरा गई और नाव में छेद हो गया, जिसके बाद नाव में पानी भरने लगा।

इसके बाद नाव डूबने लगी, तब विधायक ने नााविक को नाव को किनारे लगाने के लिए कहा और बाल्टी से पानी निकालना शुरू किया। तब जाकर किसी तरह नाव किनारे पहुंची और लोगों ने राहत की सांस ली और बाल-बाल बचे। वहीं, नाव में सवार नायब तहसीलदार हर्रैया निखिलेश चौधरी व राजस्व टीम ने अधिकारियों व विधायक को निकाला।

नायब तहसीलदार ने बताया कि घटना की जानकारी होते ही नाव में सवार लोग बचाव कार्य में जुट गए और नाव किनारे तक पहुंचाई गई। वहीं, राहत किट व लंच पैकेट गांव में वितरित करने के लिए राजस्व कर्मियों को सौंप सभी सुरक्षित वापस लौटे।

बता दें कि सरयू नदी के पानी से तटवर्ती गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। हर्रैया तहसील क्षेत्र में 95 से ज्यादा गांव प्रभावित हैं, यहां एक लाख से अधिक आबादी रहती है। लोगों की हालत इतनी खराब है कि जिसको जहां सुरक्षित जगह मिल रही है वह वहां शरण ले रहा है। प्रशासन की तरफ से लगातार बाढ़ पीड़ितों से गांव छोड़ने की अपील की जा रही है।

वहीं, बाढ़ पीड़ितों ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव में फंसे लोगों के खाने की सही व्यवस्था नहीं कराई जा रही है। लोगों को खाने-पीने की दिक्कत हो रही है। ना ही दवाइयों का कोई इंतेजाम है।