महाराष्ट्र शहरी विकास विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को निकाली गई लॉटरी के अनुसार मुंबई की अगली महापौर सामान्य वर्ग की महिला होंगी, एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, इस प्रक्रिया का शिवसेना (UBT) नेता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने विरोध किया। उन्होंने दावा किया कि इस निर्णय के लिए नियमों में किसी को सूचना दिए बिना बदलाव किया गया।
पूर्व महापौर ने कहा कि पिछले दो महापौर सामान्य वर्ग से थे, इसलिए नए महापौर का चयन अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) या अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग से होना चाहिए था। पेडनेकर ने कहा, ‘‘जिस तरह से लॉटरी प्रक्रिया की गई, हम उसकी निंदा करते हैं।’’
देवेंद्र फड़नवीस की वापसी पर होगा निर्णय
मुंबई में मेयर सामान्य वर्ग से होंगे। इसी बीच, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने गुरुवार को घोषणा की कि कल्याण-डोम्बिवली, उल्हासनगर और ठाणे नगर निगमों के मेयर महायुति गठबंधन से होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के विश्व आर्थिक मंच में भाग लेने के बाद दावोस से लौटने पर औपचारिक निर्णय लिया जाएगा।
पढ़ें- पुणे में महिलाओं ने जीतीं रिज़र्व से भी अधिक पार्षद सीटें
मेयर पद पर आरक्षण तय करने के लिए लॉटरी
लॉटरी के माध्यम से यह निर्धारित किया जाता है कि महापौर का पद किन श्रेणियों के लिए आरक्षित होगा जैसे सामान्य, महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग। श्रेणी घोषित होने के बाद योग्य उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करते हैं। देश भर के अधिकांश शहरी स्थानीय निकायों के कानून के अनुसार, महापौर का पद अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए बारी-बारी से आरक्षित होना चाहिए। यह आरक्षण पहले से तय नहीं होता। इसके बजाय, शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित लॉटरी के माध्यम से इसका निर्णय किया जाता है। इस लॉटरी के पूरा होने और केटेगरी की आधिकारिक घोषणा के बाद ही मेयर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
महापौर पद के लिए आरक्षण की व्यवस्था 74वें संवैधानिक संशोधन से उत्पन्न हुई। इसके तहत शहरी स्थानीय निकायों को संवैधानिक दर्जा दिया और नेतृत्व पदों पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के लिए आरक्षण अनिवार्य किया। महाराष्ट्र में, इसे नगर निगम अधिनियम के माध्यम से लागू किया जाता है, जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को भी आरक्षण प्रदान करता है। महापौर का चुनाव साधारण बहुमत से होता है। गौरतलब है कि बृहन्मुंबई महानगर पालिका और राज्य की 28 अन्य महानगर पालिका के चुनाव 15 जनवरी 2026 को हुए थे और 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए गए थे। पढ़ें- लॉटरी से होगा मुंबई के मेयर का चुनाव
