BJYM Protest: बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की भूपशे बघेल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। बीजेपी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने रायपुर में जमकर बवाल काटा है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ लोग तो इस मुद्दे पर केंद्र की बीजेपी सरकार घेर रहे हैं।
सुबह कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय से सीएम हाउस की तरफ अपना मार्च शुरू किया। इस दौरान कई BJYM के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव, विधायक सौरभ सिंह और विधायक श्रीचंद सुंदरानी समेत कई बड़े नेताओं को भी गिरफ्तार किया गया। मार्च के दौरान भाजयुमो के कार्यकर्ताओं की जगह-जगह पुलिस के साथ झड़प भी हुई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए जगह-जगह पर बैरिकेडिंग की गई थी। सोशल मीडिया पर भी प्रदर्शन को लेकर लोगों ने अपनी खूब प्रतिक्रिया दी है।
विजयमेंत नाम के एक ट्विटर यूजर ने कहा कि बीजेपी का दोगलापन देखो। उन्होंने कहा, “बीजेपी शासित राज्यों और केंद्र की गलत नीतियों के कारण करोड़ों लोग गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई और आजीविका की तलाश में पलायन का शिकार हो रहे हैं। भारत में बीजेपी के सिर्फ 2 कॉरपोरेट दोस्त ही अमीर बन रहे हैं।”
भोली नाम की एक और यूजर ने लिखा, उत्तर प्रदेश क्यों नहीं जाते विरोध प्रदर्शन करने, बाहर के लोग छत्तीसगढ़ में आकर काम कर रहे हैं। रायपुर बिलासपुर हर जगह उत्तर प्रदेश बिहार गुजरात महाराष्ट्र सब जगह से आये लोग भरे पड़े हैं। और क्या चाहिए।” रीशू नाम के एक और यूजर ने कहा कि अपने जुमलेबाज से बेरोजगारी पर सवाल नहीं कर सकते हैं, जो ऊपर बैठे हैं।
बता दें कि कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दल लगातार भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर केंद्र की मोदी सरकार को घेरते रहे हैं। कांग्रेस कई बार इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते रहे हैं। हाल ही में पैक्ड खाद्य सामानों पर 5 फीसद टैक्स बढ़ाया गया था। इसे लेकर भी कांग्रेस ने बीजेपी पर खूब हमला बोला था और आरोप लगाया कि इस तरह सरकार गरीबों के लिए परेशानी बढ़ा रही है।