रामनवमी पर हिंसा के बाद से मध्य प्रदेश के खरगोन में कर्फ्यू लगा दिया गया था। 24 दिन बाद बुधवार (4 मई 2022) को कर्फ्यू हटाया गया। इसी बीच बड़वानी के खरगोन से भारतीय जनता पार्टी के सांसद गजेंद्र पटेल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह हिंसा की याद दिलाते हुए कह रहे हैं कि अब हमें शस्त्र उठाने की आवश्यकता है।

बीजेपी सांसद गजेंद्र पटेल के विवादित बोल इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का पालन करने वाले हिंदू धर्म को तोड़ने के लिए किस तरह का षड्यंत्र हिंदुस्तान में रचा जा रहा है, उसकी जानकारी आप सबको है। ब्राह्मण समाज के आयोजन में उन्होंने कहा कि हमें शस्त्र उठाने की आवश्यकता है, संविधान हमें इजाजत देता है।

घर में शास्त्र और शस्त्र दोनों रखें: गजेंद्र पटेल ने कहा, ‘जितने भी हमारे देवतुल्य भगवान हैं उनके एक हाथ में शस्त्र और एक हाथ में शास्त्र है। इस हिंदुस्तान की धरती में अब इन दोनों चीजों का वरण करना अति आवश्यक हो गया है।’ उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर में शास्त्र भी रखें और शस्त्र भी रखें। पटेल ने आयोजन में मौजूद ब्राह्मणों से अपील की कि वह शास्त्र के साथ शस्त्र का भी ज्ञान दें।

खरगोन दंगों का बदला: गजेंद्र पटेल ने कहा कि हमारे यहन ब्राह्मण देवताओं की पूजा की जाती है। लेकिन कुछ दिन पहले जो हमने खरगोन में देखा उस दृश्य को हमें आज याद करना चाहिए। यह उनका दूसरा वीडियो है जिसमें वह इस तरह का भड़काऊ बयान दे रहे हैं। इससे पहले भी उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने खरगोन दंगों का बदला लेने की बात कही थी।

उन्होंने कहा था कि रामभक्तों के जुलूस पर फूल बरसने चाहिए थे, पर कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। युवाओं को संकल्प पारित करना चाहिए कि हम हर ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। इसके लिए तैयारी करनी होगी। दरअसल, खरगोन में 10 अप्रैल को रामनवमी पर जुलूस के दौरान हिंसा हुई थी, जिसमें दो संप्रदाय के लोग आपस में भिड़ गए थे।