हरियाणा के अंबाला से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रतन लाल कटारिया का गुरुवार (18 मई, 2023) को निधन हो गया है। उनका चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में इलाज चल रहा था। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कटारिया के निधन पर शोक जताया है। वह पंचकुला में कटारिया के आवास पर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
काटारिया तीन बार सांसद रह चुके थे। उन्हें चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में भर्ती कराया गया था। पिछले कुछ दिनों से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। इससे पहले बुधवार शाम त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब कटारिया का हालचाल लेने के लिए चंडीगढ़ पीजीआई पहुंचे थे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
बिप्लब देब ने रतन कटारिया के निधन पर एक ट्वीट में कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री और अंबाला के सांसद श्री रतन लाल कटारिया का निधन बहुत दुखद है। कल रात ही मैं कटारिया जी से पीजीआई चंडीगढ़ में मिला था, उनके अंतिम क्षणों में भी उनकी इच्छाशक्ति बहुत मजबूत थी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर कटारिया जी की पवित्र आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।” अंतिम संस्कार आज दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित श्मशान घाट में होगा।