दल के सूत्र बताते हैं कि गांवों में जमीनी मजबूती देने के लिए संगठन में बड़ा फेरबदल किया गया है। ताकि दल के कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार आम आदमी तक पहुंचे और अधिक से अधिक लोग दल से जुड़े।

जारी सूची में भागलपुर ज़िले को दो भागों में बांटा गया है। भागलपुर और नवगछिया। पंचम श्रीवास्तव को भागलपुर का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं वीरेंद्र सिंह कुशवाहा को नवगछिया का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

ज्ञात हो कि पंचम श्रीवास्तव बिहार सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय सुधा श्रीवास्तव के बेटे हैं। सुधाजी जननायक जय प्रकाश नारायण की भांजी थी। इस नाते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन्हें बड़ी बहन की तरह सम्मान करते थे। सुधा श्रीवास्तव के दामाद ललन सर्राफ जदयू के एमएलसी हैं।

लेकिन बीच में पंचम श्रीवास्तव कुछ दिनों के लिए पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे। बाद में फिर जदयू में वापस लौट गए थे। इस फेरबदल से पहले भागलपुर जिलाध्यक्ष के पद पर विजय प्रसाद सिंह थे। बताया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में जिलाध्यक्षों के प्रदर्शन के आधार पर या तो उन्हें बनाए रखा गया है या फिर बदल दिया गया है।

वैसे बिहार विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था। अब उनकी जगह पर आरसीपी सिंह को राष्‍ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं जदयू के बिहार अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह की जगह उमेश कुशवाहा को अध्‍यक्ष बनाया गया है।

जाहिर है अब ज़िलों में अध्यक्षों को बदलकर नई कमेटी बनाई जाएगी । जिसमें उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों का नए सिरे से चयन किया जाएगा।