प्रेम विवाह के चक्कर में लड़की के घर वालों ने पहले तो घर में घुसकर हिमांशु की जमकर पिटाई की और फिर गोली मारकर उसकी जान ले ली। इसके बाद लड़की के घरवालों ने मां को भी बुरी तरह पीटा। जिसका इलाज भागलपुर जेएनएल मेडिकल कालेज अस्पताल में चल रहा है। हिमांशु को भी यहां इलाज के लिए लाया गया था। लेकिन डॉक्टरों ने इसे मृत घोषित कर दिया। यह वाकया सोमवार देर शाम का और थाना कजरैली के गोराचौकी गांव का है। एसएसपी मनोज कुमार सुचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और वारदात का जायजा लिया।

इस सिलसिले में एक मामला दर्ज किया गया है। जिसमें लड़की सोनी के पिता परमानंद यादव, अरुण यादव, वरुण यादव, विवेक यादव, गोकुल यादव पंकज यादव और गणेश यादव नामजद है। दूसरे आरोपी अशोक यादव और प्रकाश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

एसएसपी के मुताबिक दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार है और एक ही गांव के वाशिंदे हैं। मिताराम यादव का बेटा हिमांशु (26) परमानंद यादव की बेटी सोनी को ट्यूशन पढ़ाता था। इसी क्रम में चेली से प्यार का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ रोज बाद बीते साल अगस्त में मौका पाकर दोनों घर से फरार हो गए। लड़की के पिता ने पुलिस में इत्तिला दी। लड़की की तलाश कर पुलिस ने बरामद किया और कोर्ट में बयान दर्ज करा घर वालों को सुपुर्द कर दिया। तब से हिमांशु फरार था। इसी साल 20 अप्रैल को सोनी की बड़ी बहन की शादी थी। उसी रात सोनी फिर घर से भाग गई और हिमांशु से शादी कर उसके साथ दिल्ली में रहने लगी। इस बीच गांव में पंचायत बैठी और लड़के के परिवार का बहिष्कार करने का फैसला हुआ। पंचायती के नाम पर ही इन दोनों को दिल्ली से बुलाया गया था।

बताया जा रहा है कि पंचायत सोमवार को दोपहर में बैठी थी। फैसले के बाद शाम को किसी ने लड़की के घर वाले को उकसाया। बस फिर मामले का अंजाम हिमांशु की मौत तक पहुंचा। गांव में तनाव है। मगर हालात काबू में पुलिस बता रही है। डीएसपी रैंक के अफसर को तैनात किया है। लाश का पोस्टमार्टम कराकर उसके घर वालों को सौंप दिया गया है। लड़की वाले सोनी को लेकर कहीं और चले गए हैं।