बिहार सरकार भी योगी सरकार के नक्शेकदम पर चलती दिख रही है। बिहार पुलिस ने छपरा में हत्या के आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलवा दिया है। हत्या का आरोपी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

मिली जानकारी के अनुसार छपरा के डोरीगंज थाना क्षेत्र में सोनू नाम के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। मृतक बालू का व्यवसाय करता था। इस मामले में मृतक के पिता ने पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया था। इसी में से दो फरार चल रहे थे। जिसके बाद शनिवार को कोर्ट के आदेश के बाद इनके घर पर पुलिस बुलडोजर लेकर पहुंची और कुर्की जब्ती की कार्रवाई की।

बुलडोजर लेकर जैसे ही पुलिस आरोपी के घर पहुंची वैसे ही वहां भीड़ लग गई। लोग बुलडोजर देखकर आदित्यनाथ की चर्चा करने लगे। कहने लगे कि बिहार भी अब यूपी के रास्ते पर चल निकला है। वहीं पुलिस का कहना है कि मजदूरों की कमी के कारण बुलडोजर से कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने अभी आंशिक रूप से ही आरोपी का घर तोड़ा है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपी जल्द ही सरेंडर नहीं करेगा तो बुलडोजर से उसका घर तोड़ दिया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान वहां भारी पुलिस बल भी तैनात दिखा। हालांकि पुलिस की चेतावनी के बाद भी आरोपियों ने सरेंडर नहीं किया है।

बता दें कि मृतक सोनू के बड़े भाई की भी हत्या एक साल पहले कर दी गई थी। तब भी इन्हीं आरोपियों पर मर्डर करने का आरोप लगा था। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई से बेखौफ बदमाशों ने इस साल सोनू की भी हत्या कर दी। तब जाकर प्रशासन तेजी से कार्रवाई करने में जुटा है। वहीं परिवार का कहना है कि आरोपी उन्हें केस वापस लेने की धमकी दे रहा है, ऐसा नहीं करने पर उन्हें भी जान से मारने की बात कही जा रही है।