बिहार के एक शहर में महिला के निर्वस्त्र घुमाए जाने की रपट पर राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य को ‘जंगल व राक्षस राज’ में बदल दिया गया है। भोजपुर जिले के इलाके में एक व्यक्ति की हत्या के संदेह में भीड़ ने महिला पर हमला किया और उसे निर्वस्त्र कर घुमाया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। भीड़ ने कुछ दुकानों को भी आग लगा दी। इस वीडियो क्लिप में दिख रहा है कि लोग पीड़ित की मदद करने के बजाय वीडियो क्लिप बना रहे हैं। तेजस्वी ने ट्वीट किया, “मेरे बिहार में क्या हो रहा है? आज एक महिला को पीटा गया और निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाया गया। आप (मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार) ने बिहार को जंगल व राक्षस राज में बदल दिया है। तेजस्वी ने कहा कि वह महिला के हृदय विदारक वीडियो क्लिप को देखकर सन्न हैं। नीतीश यादव ने नीतीश कुमार से इस्तीफे की भी मांग की है।
बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम युवक की हत्या के आरोप में एक महिला के साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र कर घुमाए जाने के मामले में बिहिया के थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इस मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के स्थानीय नेता सहित 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी भी शुरू हो गई है।
पुलिस के अनुसार, बिहिया रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को दामोदरपुर गांव के रहने वाले 19 वर्षीय विमलेश कुमार नाम के एक युवक का शव बरामद हुआ था। शव बरामद होने के बाद लोग आक्रोशित हो गए और एक महिला पर हत्या करने के शक में हमला कर दिया गया और उसके घर में आग लगा दी गई। आरोप है कि भीड़ ने महिला की जमकर पिटाई की और उसे निर्वस्त्र कर घुमाया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बिहिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों पर पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग किया।
घटना के बाद पुलिस महानिरीक्षक नैय्यर हसनैन खां ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहिया के थाना प्रभारी कुंवर प्रसाद गुप्ता सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।भोजपुर के पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में अब तक कौशल किशोर सहित 15 लोगों को वीडियो फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया विमलेश की हत्या गला दबाने से की गई प्रतीत हो रही है, क्योंकि गले के पास चोट के निशान हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार कौशल किशोर राजद का स्थानीय नेता बताया जा रहा है।
इधर, बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा राजनीतिक प्रहार किया है।
तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा, “नीतीश जी के कुशासनी राज में बिहार के आरा में एक महिला को निर्वस्त्र दौड़ा-दौड़ा कर मॉब लिंचिंग की कोशिश की गई। इंसानियत को तार-तार करने वाली इस घिनौनी घटना को देख व सुन रूह कांप गई। नैतिक बाबू, अगर मानवता, शर्म और संवेदना बची है तो अंतरात्मा जगा जल्दी से राजभवन पहुंचिए।”
घटना में राजद के नेता की गिरफ्तारी के बाद सत्ता पक्ष ने राजद पर जमकर निशाना साधा। जनता दल-युनाइटेड (जद-यू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “वाह रे प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव जी, महिला की सुरक्षा का आप तो बढ़िया पाठ पढ़ा रहे हैं। घर मे रखिए देहव्यापार के आरोपी मणि को, जेल में रखिये दुष्कर्म के आरोपी राजबल्लभ को और बाहर औरतों की इज्जत तार-तार करने के लिए रखिए कौशल किशोर को। धन्य हैं। नीरज ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और बिहार को बदनाम करने के लिए राजद के नेताओं द्वारा ऐसी साजिश की जा रही है। गौरतलब है कि तेजस्वी यादव आए दिन ही मोदी नीतीश सरकार पर हमला बोलते रहते हैं। बता दें कि नीतीश सरकार मुजफ्फरनगर शेल्टर होम में महिलाओं के साथ बलात्कार और उन्हें जिंदा दफनाने को लेकर पहले से ही विपक्ष के निशाने पर है।
