बिहार में पिछले दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से कई नदियां उफान पर हैं। कोसी और गंडक नदी के अलावा अन्य नदियों का जलस्तर भी खतरे से निशान से ऊपर हैं। सीतामढ़ी के बेलसंड में बागमती और पश्चिम चंपारण के बगहा में गंडक का तटबंध टूट गया है। नेशनल हाईवे पर डेढ़ से दो फीट पानी बह रहा है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में पानी भर गया है। जंगली जानवरों के रिहाइशी इलाके में बहकर आने की भी खबर सामने आई है। गंडक, कोसी, कमला, बागमती, सिकरहना आदि तमाम नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इन नदियों में जलस्तर बढ़ने से 13 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। करीब डेढ़ लाख की आबादी बाढ़ से प्रभावित बताई जा रही है।

स्कूल-कॉलेज बंद

बिहार में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। पूर्वी चंपारण में 29 सितंबर तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई स्कूल पानी से लबालब हो गए हैं। उत्तर बिहार में रविवार को छह अन्य तटबंध भी टूट गए। इनमें सीतामढ़ी के तीन, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण और शिवहर में एक-एक शामिल हैं। पश्चिम चंपारण में एक सुरक्षा बांध भी ध्वस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक बांध टूटने से कई इलाकों में पानी भर गया। हजारों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। दरभंगा में कोसी बांध में कई जगह रिसाव हो रहा है।

सीतामढ़ी में टूटा बांध, कई गांवों में घुसा पानी

सीतामढ़ी में बांध टूटने से कई इलाकों में पानी भर गया। जानकारी के मुताबिक यहां 25 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रभावित गांवों में मधकौल के साथ-साथ जाफरपुर, पंडहिया, ओलीपुर, कंसार और बसौल प्रमुख हैं, जहां पांच फीट तक पानी घुस गया है। बागमती का तटबंध टूटने से फैला पानी मुजफ्फरपुर के औराई की तरफ आ सकता है। उधर मधुबनी के झंझारपुर में कमला बलान नदी ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मधेपुर में कोसी तटबंध के अंदर गढ़गांव, बसीपट्टी, भरगामा, बकुआ सहित अन्य पंचायतों में लोग बेहाल हैं। झंझारपुर में कमला नदी की बाढ़ से तीन गांवों का सड़क सम्पर्क कट गया है।

यूपी में भी बाढ़ का खतरा

पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल में हो रही भारी बारिश के कारण कई नदियां उफान पर हैं। उत्तर प्रदेश में घाघरा और राप्ती के अलावा कई इलाकों में गंगा और यमुना ने भी आबादी क्षेत्र को चपेट में ले लिया है। राहत की बात यह है कि गंगा का जलस्तर अभी थोड़ा उतार पर है। इसकी वजह से यमुना और घाघरा के साथ ही कोसी और गंडक के जलस्तर में थोड़ा सुधार हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास के हिस्सों में आज फिर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।