बिहार के मुजफ्फरपुर में एक स्नैक्स फैक्ट्री में आग लगने से 4 मजूदरों की मौत हो गई वहीं कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इसके साथ ही 7 लोग अभी भी लापता हैं। हादसे में फैक्ट्री भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। फिलहाल आग लगने का सटीक कारण पता नहीं लग पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
कहां का है मामला: दरअसल पूरा मामला मुजफ्फरपुर के बाजितपुर गांव स्थित तिरहुत स्नैक्स फैक्ट्री का है। जहां सुबह करीब 4 बजे लगी आग में 4 मजदूर जिंदा जल गए। वहीं कई गंभीर रूप से झुलस गए। इसके साथ ही कुछ मजदूर लापता हैं। शव के पूरी तरह झुलस जाने की वजह से मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके साथ ही फैक्ट्री पूरी तरह जलकर राख हो गई।
गंभीर रूप से झुलसे ये मजदूर: हादसे में बैजू बैठा, अभिषेक पासवान, सुशील पासवान और पप्पू राम सहित कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। वहीं लापता मजदूरों में अजय कुमार, विनोद राम, प्रदीप कुमार, चंदन पासवान, अमित कुमार, राजेश पासवान और सूरज शामिल हैं।
आग से हुआ 4 गैस सिलेंडरों में विस्फोट: जानकारी के मुताबिक आग की वजह से एक के बाद एक रसोई में रखे 4 सिलेंडरों में धमाका हुआ। इस धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि आसपास के करीब 2 किमी तक के इलाके में इसकी धमक रही।
जांच में जुटी पुलिस: जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में आग शॉर्ट सरकिट की वजह से लगी थी हालांकि इस बात की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। वहीं डीएम मोहम्मद सोहेल ने 4 मजदूरों के जले अवशेष बाहर निकालने की पुष्टि की है।
10 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग: आग इतनी भीषण थी कि इसको बुझाने में चार दमकल गाड़ियों का पानी खत्म हो गया। लेकिन आग जलती रही। जिसके बाद ग्रामीणों ने पंपसेट शुरू कर पानी के टैंकर भरे और आग पर काबू पाने की कोशिश दोबारा की गई। गौरतलब है कि दस घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सुबह करीब 4 बजे लगी आग, शाम 3 बजे निकाले गए शव: सुबह 4 बजे लगी आग पर शाम तीन बजे काबू पाया गया। जिसके बाद फैक्ट्री के अंदर से जिंदा जले शवों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। एक के बाद एक चार शव निकाले गए।