बर्दवान जिले के जमालपुर क्षेत्र में आज छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वो अपनी एसयूवी कार पर रक्षा मंत्रालय का स्टीकर लगा कर सफर कर रहे थे। जब पुलिस ने इस संबंध में पूछताछ की तो उनके पास जरूरी कागजात नहीं थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गश्त लगा रहे पुलिस कर्मियों ने एक सफेद रंग की एसयूवी को रोका जिसके सामने और पीछे दोनों कांच पर ‘रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार’ का एक स्टीकर लगा हुआ था।
अधिकारी ने बताया कि कार में सवार लोग इस बात का कोई सबूत नहीं दे सके कि वह रक्षा मंत्रालय के किसी कार्य से यहां पर आए हैं। बजाय इसके वह बेतुके जवाब देते रहे। उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान शकील अहमद, सलीम अख्तर, शेख इरफान, शेख अशरफुद्दीन, अबु अख्तर, शेख शाहरूख के रूप में हुई है। यह सभी दक्षिणी कोलकाता के तोपसिया रोड निवासी हैं। उनके वाहन पर कोलकाता के बेलताला मोटर वाहन कार्यालय का रजिस्ट्रेशन नंबर है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की हर दृष्टिकोण से जांच कर रही है। वह उनके किसी देशी या विदेशी संगठन से संबद्ध होने की भी जांच कर रही है।