बहराइच में हुई हिंसा के बाद प्रशासन सख्त है। यूपी पुलिस ने बहराइच हिंसा में शामिल 5 आरोपियों को कल गिरफ्तार किया है। इसमें से दो का एनकाउंटर भी किया है। इस बीच आज जुमे की नमाज है और बहराइच प्रशासन सख्त हो गया है। बहराइच में हिंसा प्रभावित क्षेत्र को 9 हिस्सों में बांट दिया गया है। लखनऊ में बैठे आलाधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं।
प्रशासन ने बनाया कंट्रोल रूम
इस बीच जानकारी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। प्रशासन वीडियो फुटेज के माध्यम से उपद्रवियों की तलाश कर रहा है। जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन अलर्ट है। बहराइच के हिंसा प्रभावित क्षेत्र में किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने जाने पर रोक लगा दी गई है।
दो आरोपियों का एनकाउंटर
पुलिस ने जिन दो आरोपियों का एनकाउंटर किया है, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी सरफराज के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरफराज के भाई को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि इसका नाम अभी उजागर नहीं किया गया है।
बहराइच हिंसा: आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, दो के पैर में लगी गोली; पांच गिरफ्तार
लखनऊ से कुछ अफसरों को एक बार फिर से बहराइच भेजा जा सकता है। गुरुवार को जब एनकाउंटर हुआ, उसके बाद डीजीपी मुख्यालय में बड़ी बैठक हुई। एनकाउंटर को लेकर एडीजी अमिताभ यश ने कहा कि सभी आरोपी नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे और तभी मुठभेड़ हो गई। इस मामले में हमीद, अफजल, सरफराज और तालिब को गिरफ्तार किया गया है।
50 लोगों को किया जा चुका है गिरफ्तार
बहराइच हिंसा मामले में पुलिस लगभग 50 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है और 100 से अधिक लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बहराइच की डीएम मोनिका रानी और एसपी वृंदा शुक्ला लगातार रूट मार्च कर रही हैं। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस पूरी तरह से तैनात है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से पल-पल की जानकारी ली जा रही है। बीते रविवार को बहराइच में हिंसा हुई थी और इसमें 22 साल के रामगोपाल मिश्रा की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।