Har Ghar Tiranga Campaign: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बुलडोजर का क्रेज बढ़ता जा रहा है। विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान भी बुलडोजर खूब चर्चा में रहा। ऐसे में ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के दौरान भी बस्ती (Basti) जिले में बुलडोजर का क्रेज देखने को मिल रहा है। यहां तिरंगा यात्रा बुलडोजर पर निकाली गयी।
यूपी के बस्ती में निकाली गयी ये तिरंगा यात्रा जरा हटकर थी। गौर ब्लॉक में बीजेपी सांसद हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें एक दर्जन से ज्यादा बुलडोजर पर तिरंगा लगा कर तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील: बीजेपी सांसद ने तिरंगा लगे बुलडोजर को हरी झंडी दिखा कर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। सांसद हरीश द्विवेदी, बीजेपी कार्यकर्ता, छात्रों और स्थानीय लोगों ने मिलकर गांवों, कस्बों से यात्रा निकाली। सांसद ने जिले के स्कूलों और सामाजिक संगठन से तिरंगा यात्रा निकाल कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इससे पहले बस्ती में अमृत महोत्सव की श्रंखला में शुक्रवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने बाइक तिरंगा यात्रा निकाली थी। सीडीओ डॉ राजेश कुमार प्रजापति ने हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा रवाना किया था। इस दौरान सीडीओ ने कहा देश की आजादी के बाद स्वतंत्रता दिवस पर पहली बाद लोगों में इतना उत्साह देखा जा रहा है। उन्होंने महोत्सव के तहत 17 अगस्त तक होने कार्यक्रमों को सफल बनाने की लोगों से अपील की।
हिंदू-मुस्लिम महिलाओं ने निकाली तिरंगा यात्रा: वहीं, उत्तर प्रदेश के औरेया में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हिंदू-मुस्लिम महिलाओं ने एक साथ हिस्सा लिया।लोगों ने इस दौरान ‘हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई, आपस में हैं सब भाई भाई’ के नारे भी लगाए गए। इस यात्रा का नेतृत्व औरेया पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने किया। 13 अगस्त 2022 को औरेया पुलिस की तरफ से इसका वीडियो भी शेयर किया गया है।
गौरतलब है कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर देश में अमृत महोत्सव (Amrit Mahotsav) मनाया जा रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार की ओर से ‘हर घर तिंरगा अभियान’ चलाया जा रहा है। पीएम मोदी ने खुद कहा था कि आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने के लिए सब लोग तिरंगे को लहराएं, साथ ही अपनी प्रोफाइल में तिरंगा लगाएं।