असम में एक लड़की ने अपने पिता को कुल्हाड़ी से काटा डाला। कारण- वह बेटी का रेप करने की कोशिश कर रहा था। पिता की हत्या के बाद उसने शव घर के पीछे 15 फुट गहरे गड्ढे में दफन कर दिया था। पुलिस ने मंगलवार (22 मई) को शख्स की लाश बरामद कर ली, जो कि सड़ चुकी थी। पुलिसकर्मियों ने इसी के साथ महिला समेत परिवार के चार सदस्यों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
यह मामला विश्वनाथ जिले का है। पुलिस के अनुसार, तीन मार्च को 71 वर्षीय शख्स ने देर रात करीब 11 बजे बेटी से रेप की कोशिश की थी। बेटी के विरोध करने पर भी पिता न माना। ऐसे में उसकी बेटी ने कुल्हाड़ी से उसे मौत के घाट उतार दिया। महिला के अलावा चार अन्य लोगों पर मामले से जुड़े सबूत छिपाने का आरोप लगा है।
शख्स की हत्या का खुलासा तब हुआ, जब 11 मई को विश्वनाथ चरियाली थाने में इस संबंध में उसके गुम होने की शिकायत दी गई। पुलिस ने जांच में पाया कि पीड़ित परिवार ने हाल ही में घर के पीछे गड्ढा खोदा था। सख्ती से दोबारा की गई पूछताछ में बेटी ने जुर्म कबूल लिया।
शख्स की हत्या के बाद उसकी लाश छिपाने में बेटी की मदद मां और भाई ने की थी। उस रात तो उन्होंने लाश घर के एक में रखी थी, जबकि अगले दिन उन्होंने उसे गड्ढे में ठिकाने लगाया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने सात मार्च को लाश को दफनाया था। शख्स के घरवालों ने आगे बताया कि मृतक बेटी को रोजाना गालियां देता था। आरोपी महिला एमए की छात्रा है।
चंडीगढ़ में भी कुल्हाड़ी कांड से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जहां पुरानी दुश्मनी में एक शख्स ने महिला के सिर और पेट पर कुल्हाड़ी से जोरदार वार किए। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने महिला के 80 टांके लगाए।