असम-मिजोरम सीमा विवाद लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस विवाद में रोज नए-नए बयान और दावे किए जा रहे हैं। अब असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल ने कुछ ऐसा कह दिया है जिससे ये विवाद घटने की बजाय और भड़क सकता है।
अशोक सिंघल ने कहा है कि असम की 1 इंच जमीन भी उनकी सरकार जाने नहीं देगी। भले ही इसके लिए जान देनी पड़े। मिजोरम को सच्चाई स्वीकर करनी होगी। उनकी गोलीबारी में हमारे पुलिसकर्मी मारे गए हैं। सीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। ये सब मिजोरम के मुख्यमंत्री की जानकारी के बिना प्रशासन कर रहा है?
बातचीत के सवाल पर सिंघल ने कहा कि सबसे पहले मिजोरम सरकार को वास्तविकता स्वीकार करनी होगी। उन्होंने हमारे निहत्थे लोगों पर आधे घंटे तक गोलियां चलाई। जिसमें 6 पुलिसकर्मी मारे गए। एसपी बहुत गंभीर रूप से घायल है। ये सबकुछ जो उन्होंने किया वो किस उद्देश्य से किया, इसकी जांच वो करें। उस इलाके के पुलिस कप्तान पर कार्रवाई हो। विश्वास बहाल करे। वो कहते हैं कि वो एफआईआर वापस लेगें, मुख्यमंत्री जी को जानकारी नहीं थी। एक दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्री पर आप केस कर रहे हैं उसकी जानकारी मुख्यमंत्री को नहीं है?
बता दें कि असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद कई वर्षों से है। हाल ही में ये विवाद तब ज्यादा बढ़ गया जब असम पुलिस सीमा पर से अतिक्रमण हटाने के लिए गई। वहीं उनपर मिजोरम की साइड से फायरिंग हुई जिसमें 6 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और दर्जनों घायल हो गए थे। दोनों ही राज्यों में भाजपा या भाजपा समर्थित सरकारें हैं।