असम में जहरीली शराब का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के 2 जिलों के कई गांवों में शनिवार रात तक 114 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने शनिवार को जोरहट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का दौरा किया। साथ ही, मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और इलाज करा रहे लोगों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की।
गुरुवार रात सामने आया था पहला मामला : बता दें कि जहरीली शराब पीने से मौत का मामला सबसे पहले हलमिरा टी एस्टेट में गुरुवार रात सामने आया था। यहां 4 लोगों को जहरीली शराब पीने के बाद हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था, लेकिन उनकी मौत हो गई। इसके बाद मरने वालों की संख्या बढ़ती चली गई और शनिवार रात तक मौत का आंकड़ा 114 तक पहुंच गया।
पहले दिन 4 महिलाओं की मौत : पीड़ितों में एक मां-बेटा भी शामिल हैं, जिन पर जहरीली शराब बनाने का आरोप भी है। बताया जा रहा है कि ये दोनों स्थानीय शराब ‘सुलई’ की सप्लाई करते थे। सबसे पहले गुरुवार शाम महिला द्रौपदी उरांग (62) के बीमार होने की जानकारी मिली थी। उसे हलमिरा टी एस्टेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद तीन और महिलाएं अंगनी गोवाला (60), बोधोई बोवरी (54) और बेलो भूमजी (62) बीमार हो गईं। इन्हें गोलाघाट सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन रात में चारों महिलाओं की मौत हो गई।