उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक मंदबुद्धि युवक ने गुरुवार (25 फरवरी) सुबह में एक दारोगा की उसी की रिवाल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी तथा दो अन्य को गम्भीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पूरनपुर कोतवाली में तैनात सहायक उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव (45) सुबह करीब साढ़े तीन बजे गश्त के दौरान पूरनपुर के एक शादीघर के नजदीक के पास पहुंचा था, तभी राजेन्द्र नामक मंदबुद्धि युवक ने उसके वाहन पर र्इंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिये।
उन्होंने बताया कि यादव राजेन्द्र को पकड़ने के लिये पहुंचा तो दोनों में धक्का-मुक्की होने लगी। इस बीच, युवक ने यादव का सर्विस रिवाल्वर खींच लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चलायीं। इस दौरान सीने में गोली लगने से पुलिसकर्मी की मौत हो गयी।
गोलीबारी में शादीघर के कर्मचारी रवि और ताराचंद भी गम्भीर रूप से घायल हो गये। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने की आवाज सुन कर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गये। बेकाबू हो चुके राजेन्द्र को बड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।