गुरुवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर डॉक्टर गुरुप्रीत कौर के साथ शादी के बंधन में बंध गये। चंडीगढ़ के सीएम आवास पर इस शादी का समारोह संपन्न हुआ। शादी के दौरान आम आदमी पार्टी के पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भगवंत मान की पत्नी गुरुप्रीत के भाई की रस्म निभाई तो वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने गुरुप्रीत के पिता की रस्म अदा की।
सीएम भगवंत मान की शादी को लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया और कहा आज बहुत ही खुशी का दिन है मेरा छोटा भाई शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। ईश्वर करे उसे दुनिया की सारी खुशियां मिले। दरअसल पंजाब सीएम भगवंत मान की मां की इच्छा थी कि उनका बेटा एक बार फिर से अपना घर बसा ले जिसको पूरा करने के लिए भगवंत मान को दोबारा शादी करनी पड़ी। गुरुप्रीत कौर को भी भगवंत मान की मां और उनकी बहन ने पसंद किया है।
राघव चड्ढा ने ट्विटर पर फोटो शेयर कर दी बधाई
चंडीगढ़ मुख्यमंत्री आवास में ये शादी बहुत ही साधारण तरीके से की गई इसमें बहुत ही कम लोगों को आमंत्रित किया गया था। शादी में राघव चड्ढा ने गुरुप्रीत के भाई की रस्म अदा की और एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, ‘मान साहब नू लख लख वदाइयां’ आपको बता दें कि इसके पहले साल 2016 में भगवंत मान का पहली पत्नी से तलाक हो चुका था और वो दोनों बच्चों के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गई हैं।
पंजाब चुनाव से पहले होने वाली थी शादी लेकिन…
भगवंत मान की गुरुप्रीत से शादी की पंजाब चुनाव से पहले होने वाली थी लेकिन चुनाव की व्यस्तता और फिर मुख्यमंत्री का पदभार उसके बाद सक्रिय मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब की बागडोर अपने हाथ में लेने तक शादी को आगे के लिए टाल दिया गया। गुरुप्रीत कौर हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं। फिलहाल वो पंजाब में रहती हैं। वो भी सिख समुदाय से हैं। ऐसे में दोनों की शादी सिख रीति-रिवाजों के हिसाब से होगी। शादी के आयोजन का खर्च भी खुद भगवंत मान ही उठा रहे हैं।