उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष वसीम रिजवी अब हिन्दू धर्म अपना कर हरबीर नारायण सिंह त्यागी बन गए हैं। इसके बाद भी उन्हें लेकर विवादों का सिलसिला जारी है। अब एक और कांग्रेस नेता ने रिजवी को मारने पर ईनाम की घोषणा की है।

तेलंगाना कांग्रेस नेता मोहम्मद फिरोज खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वो वसीम रिजवी के सिर काटने वाले शख्स को 50 लाख का ईनाम देने का वादा कर रहे हैं। वीडियो में कांग्रेस नेता बोल रहे हैं- वसीम रिजवी चार महीने से सुन रहा हूं तेरे को मैं, बर्दाश्त जो है ना तुम खत्म कर दिए। ये जहां भी दिखे इसका मर्डर कर दो और इसका गला लेकर के मेरे पास आ जाओ। 50 लाख रुपये मेरे से ले लेना। जो भी इसका मर्डर करेगा, उसका केस मैं लड़ूंगा”।

इस दौरान फिरोज, रिजवी को अपशब्द कहते हुए भी सुने जा सकते हैं। इससे पहले एक और कांग्रेस नेता राशिद खान ने रिजवी के सिर पर 25 लाख का ईनाम रखा है। इनका भी वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में राशिद खान कह रहे हैं- “राशिद खान 25 लाख का ईनाम देगा…और मुसलमान भाईयों से कह रहा हूं कि इसके बातों पर इतने संजीदगी से सोचने की जरूरत नहीं है। क्योंकि अल्लाह ताला ने फरमाया है कि मस्जिद की हिफाजत वो खुद करेंगे। एक नुख्ता भी इधर उधर हो नहीं सकता”।

बता दें कि वसीम रिजवी दो दिन पहले ही इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपना लिए हैं। रिजवी पहले भी इस्लाम पर दिए गए बयानों के कारण विवादों में रह चुके हैं। गाजियाबाद के डासना मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती ने रिजवी को हिंदू धर्म की दीक्षा दी थी। इसके बाद रिजवी ने मौत के बाद अपना अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से की जाने की इच्छा जताई है।

धर्म परिवर्तन के बाद रिजवी ने कहा था कि हर जुमे को नमाज के बाद उनके सिर काटने के लिए फतवे दिए जाते हैं। ईनाम बढ़ाया जाता है। तो ऐसी परिस्थितियों में कोई हमें मुसलमान कहे तो शर्म आती है।