असानी तूफान के कारण दक्षिण भारत में काफी बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं। बुधवार (11 मई, 2022) को सुबह उत्तरी तटीय आंध्र जिले में सांताबोम्मली के पास एक गोल्डन रंग का रथ बहकर आ गया। अजीब से दिखने वाले इस रथ को देखकर स्थानीय लोग खौफ में आ गए।

रथ पर लिखे अक्षरों को देखकर पुलिस अंदाजा लगा रही है कि यह म्यांमार मूल का हो सकता है। इस रथ पर जो तारीख लिखी है वो 16 जनवरी, 2022 है। फिलहाल यह रथ पुलिस के नियंत्रण में है।

सुबह जब स्थानीय लोगों ने यह रथ देखा तो उन्होंने इसे समुद्र के किनारे लगाया और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद इसे पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया। हालांकि अभी तक यह नहीं पता चल सका है कि यह इतनी दूर कैसे आ गया है।

चक्रवाती तूफान असानी के कारण वर्तमान में समुद्र में काफी उथल-पुथल हो रही है और इसलिए संभव है कि ये रथ बह कर आ गया। नौपाड़ा के पुलिस उप-निरीक्षक ने कहा कि रथ और इसकी संरचना पर लिखे अक्षरों से पता चलता है कि यह म्यांमार मूल का हो सकता है।

एसआई ने कहा, “यह टिन की चादर से बना है और इसे सोने के रंग का लेप दिया गया है। इसके पहियों से यह पूजा मंदिर जैसा दिखता है।” उन्होंने कहा कि रथ पर कोई मौजूद नहीं था।

असानी को लेकर रेड अलर्ट जारी
चक्रवाती तूफान असानी आंध्र प्रदेश की ओर आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने इसे देखते हुए आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने कहा कि इन इलाकों में चक्रवाती तूफान के कारण कई क्षेत्रों में भारी वर्षा, आंधी, तेज हवाओं और स्थानीय क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।

आईएमडी के मुताबिक, राज्य के श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, गुंतूर, कृष्णाऔर पूर्वी गोदावरी और पश्चिम गोदावरी जिलों में सुबह 8.30 बजे से तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। यहां 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं।