Andhra Pradesh Assembly Elections 2024: इस समय पूरे देश में चुनावी माहौल है और एक नेता अपने सारे काम छोड़कर अपने चुनाव प्रचार में जुटा हुआ है लेकिन आंध्र प्रदेश के विधानसभा चुनाव के लिए दारसी सीट से खड़ी हुईं एक प्रत्याशी ने चुनाव से ज्यादा अहम अपने फर्ज को समझा। ये प्रत्याशी पेशे से एक डॉक्टर हैं और जब उन्हें एक गर्भवती महिला के एमरजेंसी में होने का पता चला, तो वो चुनाव प्रचार छोड़ अस्पताल आ गईं।

महिला डॉक्टर ने अस्पताल जाकर महिला का सफल ऑपरेशन किया और उस महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बता दें कि यह मामला आंध्र प्रदेश है, जहां लोकसभा चुनाव के अलावा विधानसभा चुनाव के चलते सियासी पारा उफान पर है। ऐसे में यहां के प्रकाशम जिले की दारसी विधानसभा सीट का है, जहां से टीडीपी ने गोट्टीपति लक्ष्मी को सियासी मैदान में उतारा है।

जानकारी के मुताबिक गोट्टिपति लक्ष्मी गुरुवार को चुनाव प्रचार के लिए निकलने ही वाली थीं, तभी उन्हें एक महिला के बारे में बताया गया। महिला का एमनियोटिक फ्लूड खत्म हो रहा था जिससे उसका गर्भपात हो सकता था और उसकी मौत भी हो सकती थी।

अस्पताल जाकर किया महिला का इलाज

उसे गुंटूर के एक अस्पताल में भर्ती किया गया था ऐसे में लक्ष्मी ने अपने फर्ज को प्राथमिकता दी। गौरतलब है कि राजनीतिक परिवार से आने वाली डॉक्टर गोट्टीपति लक्ष्मी जिले के उस अस्पताल में गईं, जहां कुरिचेदु मंडल के अब्बायाई पालेम की महिला वेंकटा रमना नाम की उस पीड़ित महिला को भर्ती कराया गया था।

लक्ष्मी ने इस मामले को लेकर कहा कि निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे गुंटूर रेफर कर दिया था। मैं वहां गई और मां और बच्चे को बचाने के लिए सर्जरी की। अब मां और बच्चा स्वस्थ हैं। डॉक्टर लक्ष्मी ने कहा कि वह टीडीपी की जीत के बाद जिले में एक अस्पताल बनाएंगी।

बता दें कि आंध्र प्रदेश की सभी 175 विधानसभा सीटों और 25 लोकसभा सीटों के लिए 13 मई को वोटिंग होनी है।