खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पायी है। बुधवार (29 मार्च) को उसने एक रिकार्डेड वीडियो जारी किया था। वीडियो में अमृतपाल पंजाबी भाषा में सिख समुदाय के लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहा था। वहीं, अमृतपाल सिंह के गन मैन वीरेंद्र सिंह के खिलाफ जम्मू के किश्तवाड़ जिले में मामला दर्ज हुआ है। बंदूक के लाइसेंस मामले में जिला उपायुक्त किश्तवाड़ की तरफ से 19 मार्च 2023 को FIR दर्ज कराई गई थी।

लाइसेंस के रिन्यूअल के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल

अमृतपाल सिंह के गनमैन के खिलाफ FIR पर किश्तवाड़ के SSP खलील पोसवाल ने बताया, “साल 2014 में किश्तवाड़ में वीरेंद्र सिंह के नाम पर एक गन लाइसेंस जारी किया गया था। किश्तवाड़ पुलिस लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के चलते उपायुक्त ने लाइसेंस रद्द किया और किश्तवाड़ पुलिस थाने में एफ़आईआर दर्ज की गई थी। इसके बारे में पंजाब पुलिस ने किश्तवाड़ उपायुक्त को लिखित जानकारी दी गयी थी, जिसके बाद लाइसेंस रद्द किया गया। पता चला कि इसके बाद भी लाइसेंस का दुरुपयोग किया गया। उसने लाइसेंस के रिन्यूअल के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। मामले में FIR दर्ज़ की गई है।”

SSP खलील पोसवाल ने कहा कि किश्तवाड़ पुलिस इसे लेकर पंजाब पुलिस के साथ संपर्क में है। मामले में जांच जारी है। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र सिंह को पंजाब द्वारा पुलिस ने गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे असम की जेल में भेजा गया है। वह पंजाब के तरनतारन क्षेत्र का रहने वाला है। आरोप है कि अमृतसर के अजनाला थाने पर 23 फरवरी को हुए हमले में वीरेंद्र सिंह शामिल था।

वीडियो जारी कर सिखों को भड़काने की कोशिश कर रहा अमृतपाल

वहीं, बुधवार को जारी किए गए 40 मिनट के अपने वीडियो में अमृतपाल सिंह ने कहा कि उसके खिलाफ सरकार की कार्रवाई उसकी गिरफ्तारी के लिए नहीं बल्कि सिख समुदाय पर हमला थी। वीडियो में उसने यह भी कहा कि अगर सरकार उसे गिरफ्तार करना चाहती तो वह उसे घर से गिरफ्तार कर सकती थी। अमृतपाल ने कहा कि उसे गिरफ्तार होने का डर नहीं है, उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।

वीडियो में अमृतपाल सिंह ने कहा, “मैं सिख संतों से अपील करता हूं, जितने भी सिख संत देश-विदेश में बैठे हैं। बैसाखी पर होने वाले सरबत खालसा में वहां कौम के मसले की बात हो। बहुत लंबे समय से हमारी कौम छोटे-छोटे मोर्चे लगाकर उलझ रही है। हमें पंजाब के मसले हल करवाने हैं।”