ओडिशा में शनिवार को कैबिनेट फेरबदल का ऐलान किया गया। जिसके चलते राज्य कैबिनेट के सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रविवार दोपहर 12 बजे नए मंत्री शपथ लेंगे।

5 जून को मंत्रिमंडल लेगा शपथ: ओडिशा में सभी मंत्रियों ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। नया मंत्रिमंडल 5 जून 2022 को शपथ लेगा। दरअसल, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करना चाहते हैं जिसके चलते यह फैसला लिया गया। जिसके बाद ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सहित राज्य के सभी 20 मंत्रियों ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया।

नए मंत्रिमंडल का गठन: सबसे पहले विधानसभा अध्यक्ष सूर्यनारायण पात्र ने अपना इस्तीफा पत्र विधानसभा उपाध्यक्ष को भेजा। इसके बाद मंत्रियों के इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू हुआ और एक के बाद एक सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। मंत्रियों के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक नए मंत्रिमंडल का गठन करेंगे।

नए मंत्रियों के नामों की जानकारी नहीं: नवीन पटनायक के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका है, जब विधानसभा अध्यक्ष के साथ पूरे मंत्रिमंडल ने इस्तीफा दिया है। ऐसे में नए मंत्रिमंडल में किसे शामिल किया जाएगा, इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, सभी मंत्रियों की जगह अब नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। हालांकि, उन चेहरों के नामों की जानकारी अब तक नहीं दी गई है। सभी मंत्री रविवार को ओडिशा के राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगे।

दरअसल, 2019 विधानसभा चुनाव से पहले और 2017 पंचायत चुनाव के बाद नवीन पटनायक ने मंत्रिमंडल में बदलाव किया था। 2019 में बीजेडी की यह रणनीति सफल हुई थी और पार्टी 112 सीटें जीतने में सफल हुई थी। ऐसे में इसी रणनीति को दोबारा लागू करने को लेकर चर्चा की जा रही है। राज्य में विधानसभा की कुल 146 सीटें हैं। ओडिशा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का जरूरी आंकड़ा 74 है।

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेडी के 4 उम्मीदवार: हाल ही में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बीजू जनता दल (बीजेडी) के चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। बीजेडी ने तीन नए प्रत्याशियों सुलता देव, मानस रंजन मंगराज और निरंजन बिशी को मौका दिया है। इसके अलावा सस्मित पात्रा को दोबारा नामांकित किया गया है।