मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद आज कमलनाथ ने पीएचक्यू में पुलिस अफसरों से मुलाकात की। ऐसे में कमलनाथ ने पुलिस विभाग को बड़ी सौगात देने का इशारा किया है। दरअसल, कमलनाथ ने पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों से चर्चा के दौरान ये निर्देश दिया कि पुलिस बल को साप्ताहिक अवकाश देने की व्यवस्था की जाए। कमलनाथ ने बैठक में कहा कि इसके लिए तकनीकी संसाधनों को आधुनिक किया जाए। वहीं आपात परिस्थितियों में अवकाश उपयोग नहीं करने पर क्षतिपूर्ति की व्यवस्था हो। इस दौरान प्रमुख सचिव गृह मलय श्रीवास्तव पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
क्या बोले कमलनाथ
कमलनाथ ने कहा कि किसी भी प्रकार की अपराधिक और गैर कानूनी गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस रखें। सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। महिलाओं के विरुद्ध अपराध के नियंत्रण के लिए संवेदनशीलता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुड- गवर्नेंस का प्रमुख आधार पुलिस बल है। राज्य की छवि इसी पर निर्भर है।
पुलिस विभाग की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया –
● पुलिस बल में साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था की जाये।
● किसी भी प्रकार की अपराधिक और गैर कानूनी गतिविधियों के प्रति जीरो टालेरेंस रखें। pic.twitter.com/SnB6zPyddP
— Office Of Kamal Nath (@OfficeOfKNath) December 19, 2018
सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय
इसके साथ ही कमलनाथ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय है। इसके लिए सड़क नियोजन और प्रतिरक्षात्मक उपायों पर समेकित रूप कार्य किया जाए। राज्य की छवि का पैरामीट पुलिस होती है। यह आवश्यक है कि बल के सदस्यों का मनोबल ऊंचा हो। नजरिया देश प्रदेश की विविधतापूर्ण संस्कृति और स्वरूप के संरक्षण का हो।
समाज की रक्षक है पुलिस
इसके साथ ही कमलनाथ ने कहा कि पुलिस समाज की रक्षक है। उन्होंने पुलिस के भविष्य की तकनीकों और सामाजिक चुनौतियों के अनुसार तैयारियां करने की जरूरत बताई। उन्होंने युवी पीढ़ी में नशे की लत के प्रसार को जड़ से खत्म करने की जरूरत पर भी बात की।