बॉलीवुड फिल्म निर्देशक और अभिनेता अनुराग कश्यप के खिलाफ बलात्कार का आरोप लगाने वाली अभिनेत्री पायल घोष सोमवार को भारतीय रिपब्लिकन पार्टी (आठवले) में शामिल हो गयी। पायल ने पार्टी प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री राम दास आठवले की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुईं। उन्हें RPI (ए) की महिला विंग की उपाध्यक्ष के रूप में नामित किया गया है।
पायल के पार्टी में शामिल होने पर आठवले ने कहा, ”पार्टी में शामिल होने के लिये मैं उनका धन्यवाद करता हूं और उनका स्वागत करता हूं।” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिसने अनुराग कश्यप को किया घायल वो है पायल। पायल घोष ने अनुराग कश्यप पर यौन शोषण का आरोप लगाया था। इस सिलसिले में उन्होंने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में मामला भी दर्ज करवाया है। हालांकि कश्यप ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
कश्यप पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 (I) (बलात्कार), 354 (महिला को अपमानित करने के इरादे से हमला करना या आपराधिक बल देना), 341 (गलत संयम) और 342 (गलत तरीके से प्रताड़ना) के तहत आरोप लगाया गया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने कश्यप को पूछताछ के लिए बुलाया था।
इस दौरान अनुराग से करीब 8 घंटे तक पूछताछ हुई थी। खुद पर लगे आरोपों पर अनुराग कश्यप ने मुंबई पुलिस के जांच अधिकारियों को बताया कि साल 2013 अगस्त में वो श्रीलंका में थे। उन्होंने इससे जुड़े दस्तावेज भी पुलिस को दिए हैं।
अनुराग कश्यप पर रेप का आरोप लगाने के बाद पायल घोष ने कुछ दिनों पहले ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद की गुहार लगाई। पायल ने पीएमओ, पीएम मोदी और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा को टैग करते हुए ट्वीट किया था। पायल ने लिखा था, ‘ये माफिया गैंग मुझे मार डालेंगे सर और मेरी मौत को आत्महत्या या कुछ और बता डालेंगे।’