ABP C-Voter Survey: गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल पूरे दमखम के साथ तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। दरअसल, पार्टी राज्य में अपने हाथों से सत्ता खोना नहीं चाहती है। इस बीच एबीपी के लिए किए गए सी-वोटर सर्वे में लोगों से सवाल किया गया, कि क्या वह सरकार बदलना चाहते हैं। इसमें जो आंकड़े सामने वो बेहद चौंकाने वाले हैं।
सी-वोटर सर्वे में लोगों से पूछा गया कि क्या वह सरकार बदलना चाहते हैं? इसके जवाब में गुजरात की 43 फीसद आबादी ने कहा कि वह नाराज है और सरकार बदलना चाहती है। वहीं, 34 फीसद ने कहा कि वह नाराज है, लेकिन सरकार बदलना नहीं चाहती और 23 फीसद का कहना है कि ना वो नाराज है और ना ही सरकार बदलना चाहती है।
गुजरात में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान हो चुका है। यहां 2 चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 1 दिसंबर को मतदान होगा और दूसरे चरण में 5 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद हिमाचल प्रदेश के साथ 8 दिसंबर को नतीजे आ जाएंगे। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को वोटिंग होनी है।
हिमाचल प्रदेश को लेकर भी जो सर्वे सामने आ रहे हैं, उनमें भारतीय जनता पार्टी को ही बढ़त मिलती दिख रही है। एबीपी न्यूज के लिए किए गए सी वोटर सर्वे में लोगों से सवाल किया गया कि हिमाचल विधानसभा चुनाव प्रचार में अभी तक बीजेपी को बढ़त या कांग्रेस को? इस सवाल के चौंकाने वाले जवाब मिले हैं।
सर्वे में सामने आया कि 47 फीसदी लोगों ने कहा कि हिमाचल में चुनाव प्रचार में अभी भारतीय जनता पार्टी को बढ़त है। वहीं, 31 प्रतिशत लोगों का मानना है कि अभी कांग्रेस पार्टी को बढ़त है। इसके अलावा, 22 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनको इस बारे में नहीं पता है। दोनों ही राज्यों में कांग्रेस और बीजेपी के अलावा, आम आदमी पार्टी भी इस बार मैदान में है और पूरे जोर-शोर के साथ तैयारियों में जुटी है। आप मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है।