दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में करवा चौथ मनाया। पदभार ग्रहण करने के बाद यह उनका पहला ऐसा त्योहार था। अब इसको लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सीएम पर तंज कसा है। खुद सौरभ भारद्वाज ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो को शेयर किया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के करवा चौथ मनाने वाले वीडियो का AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने जमकर मजाक उड़ाया है। अपने X हैंडल पर शेयर किए गए वीडियो में सौरभ को कहते हुए सुना जा सकता है, “अब रेखा गुप्ता जी ने करवा चौथ मनाया। रेखा गुप्ता जी ने अपने पति के साथ करवा चौथ मनाया। अरे, सब अपने पति के साथ ही मनाते हैं, इसमें क्या बड़ी बात है। पहली बार क्या किसी ने अपने पति के साथ मनाया। आपने देखा वीडियो सब जगह चल रहा है। इधर पति है, उधर 100 के करीब सिक्यॉरिटी गार्ड हैं। जिनकी पत्नियां नहीं मना पाईं इसी वजह से।”
भारद्वाज ने दिल्ली के ऑटो चालकों के लिए आयोजित दिवाली मिलन समारोह में सीएम रेखा का मजाक उड़ाते हुए आगे कहा, “आप देखो उस वीडियो में इनकी थाली पकड़कर एक सिक्यॉरिटी वाला खड़ा है। उसकी बीवी वीडियो में देख रही है अपने पति को कि हमारे सबके पति इसकी करवा चौथ मनवा रहे हैं। कैमरामैन छत पर खड़े हैं,रेखा गुप्ता जी के छत पर चांद देखने कैमरामैन भी गए हैं। यह है आपके वोट की कीमत कि रेखा गुप्ता ने करवा चौथ मनाया। आप देखिए कितनी भारी कीमत चुका रहे हो आप लोग।”
पढ़ें- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को मिल सकती है ‘बड़ी जिम्मेदारी’
आप नेता ने आगे कहा,”मैंने अरविंद जी को कहा कि सर आप इतने सालों से मना रहे थे आप भी वीडियो बना लेते। हम भी कह देते कि इन्होंने भी मनाया क्योंकि और कुछ है ही नहीं जो किया हो इन्होंने।’
सीएम रेखा गुप्ता का करवा चौथ सेलिब्रेशन
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के करवा चौथ सेलिब्रेशन के बाद एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस कार्यक्रम में महिला नेताओं, केंद्रीय मंत्रियों की पत्नियों, सांसदों, विधायकों, पार्षदों, वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों और दिल्ली तथा देश भर की प्रमुख महिलाओं ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए CM गुप्ता ने कहा, “करवा चौथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नारीत्व की गहन परंपराओं का प्रतीक है। यह पति-पत्नी के बीच विश्वास और समर्पण के शाश्वत बंधन का प्रतिनिधित्व करता है, साथ ही त्याग, प्रेम और एकता के मूल्यों का भी प्रतीक है जो हमारी पारिवारिक व्यवस्था को परिभाषित करते हैं।”
पढ़ें- दिल्ली के कुम्हारों की मेहनत पर ऑनलाइन कंपनियों का मुनाफा
(भाषा के इनपुट के साथ)