श्रीलंकाई नौसेना ने तमिलनाडु के मछुआरों के एक समूह पर कचाथीवू द्वीप पर मछली पकड़ने के दौरान आज कथित रूप से हमला किया और उनकी नौकाओं तथा मछली पकड़ने के उपकरण को नष्ट कर दिया। यहां पुलिस को प्राप्त सूचना के अनुसार श्रीलंकाई नौसेना के जवानों ने मछुआरों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देने के बाद उनका पीछा किया।

पुलिस ने बताया कि हमले में 20 नौकाएं क्षतिग्रस्त हो गयी और 10 से अधिक मछुआरे घायल हो गये। उन्होंने बताया कि घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में उन्हें छुट्टी दे दी गयी। रामेश्वरम के 2,500 से अधिक मछुआरों को आज सुबह समुद्र किनारे लौटना पड़ा।इस वर्ष की शुरूआत में अलग-अलग घटनाओं में श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किये गये तमिलनाडु के 80 मछुआरों के द्वीप देश से कराईकल बंदरगाह लौटने के एक दिन बाद यह घटना सामने आयी है।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि रिहा किये गये मछुआरे रामनाथपुरम, पुडुकोट्टई, कराईकल, नगापट्टिनम, कन्याकुमारी, तिरूनेलवेली और मदुरै जिलों के है। श्रीलंकाई सरकार पिछले सप्ताह 80 मछुआरों को रिहा करने पर सहमत हुई थी।