हरियाणा के नेशनल हाइवे पर शनिवार तड़के करीब 4 बजे घने कोहने के चलते तेज रफ्तार ट्रॉला ने सड़क किनारे खड़ी दो एसयूवी में टक्कर मार दी। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। मरने वाले सभी लोग आपस में जानकार बताए जा रहे हैं। यह हादसा हरियाणा में अंबाला-दिल्ली हाइवे पर बलदेव नगर में हुआ।
तड़के 4 बजे हुआ हादसा : लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों एसयूवी के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को गाड़ियों से बाहर निकाला। साथ ही, मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद सात लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन जा रहे थे सभी लोग : जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग आपस में जानकार थे। वे 2 टवेरा गाड़ियों में सवार होकर चंडीगढ़ से वृंदावन के लिए निकले थे, लेकिन अंबाला में एक गाड़ी खराब हो गई। ऐसे में दोनों एसयूवी सड़क किनारे लगा दी गईं। इस दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन ने दोनों गाड़ियों में टक्कर मार दी। माना जा रहा है कि टक्कर मारने वाला वाहन ट्रॉला था।
इन्होंने गंवाई जान : इस दर्दनाक हादसे में कविता कपूर (36), रंजना (18), हर्षिता (9), आशा रानी (46), पीयूष (5) और ड्राइवर सुरेश कुमार की मौत हो गई। वहीं, सुनीता, रेणुका शर्मा और पलक घायल हो गए। उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।