रात के अंधेरे का फायदा उठाकर यह शख्स महिला के घर में घुसा। महिला अकेली थी लिहाजा वो उससे छेड़छाड़ करने लगा। लेकिन जब महिला ने इसका विरोध किया तो इस हैवान ने उन्हें जिंदा जला दिया। सन्न कर देने वाली यह घटना महाराष्ट्र के औरंगाबाद की है। 50 साल की यह महिला बुरी तरह झुलस गई हैं और उनकी स्थिति अभी गंभीर बनी हुई है।
यह घटना मंगलवार की है। बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष एस मोहिते बीयर बार का मालिक है। बताया जा रहा है कि रात के वक्त जब संतोष ने महिला के घर पर अपने गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया तब उसने केरोसिन तेल छिड़क कर महिला को जिंदा जला दिया।
इतना ही नहीं महिला को घर में जला छोड़ यह बदमाश घर से भाग गया और जाते वक्त उसने घर का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया।
घर से निकलते धुएं पर जब पड़ोसियों की नजर पड़ी तब इस महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने महिला का बयान रिकॉर्ड किया है और आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में हत्या के प्रयास समेत कई मामलों में केस दर्ज किया गया है।
यहां आपको बता दें कि हाल ही में वर्धा में महिला शिक्षिका को भी बदमाश ने जिंदा जला दिया था। 25 साल की महिला शिक्षिका को एकतरफा प्यार में पड़कर एक शख्स ने आग के हवाले किया था।
यह युवक शादीशुदा था और महिला शिक्षिका से शादी करना चाहता था। लेकिन जब टीचर ने इनकार कर दिया तब इस शख्स ने इस भयानक घटना को अंजाम दिया था।
इस घटना के महज 48 घंटे बाद ऐसी ही यह दूसरी घटना सामने आई है। राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार के विषय पर गृह मंत्री अनिल देशमुख ने एक हाई-लेवल मीटिंग की है। राज्य के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि ऐसे मामलों में बिना देरी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए और उनपर सख्ती से कानूनी कार्रवाई की जाए। (और…CRIME NEWS)
