Bihar News: बिहार के औरंगाबाद में शनिवार (29 अक्तूबर) को बड़ा हादसा हो गया। छठ पूजा के दौरान एक घर में आग लगने से गैस सिलिंडर फट गया और आग लगने से 34 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर है। औरंगाबाद में छठ पूजा का प्रसाद बनाने के दौरान सिलिंडर ब्लास्ट होने से घर में आग लग गई। इसमें लगभग 34 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्तपाल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है इस हादसे में 7 पुलिस कर्मी भी घायल हैं जो सूचना मिलने पर आग बुझाने आए थे लेकिन अचानक सिलिंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल, घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

7 पुलिसकर्मी समेत 34 घायल: घटना औरंगाबाद के शाहगंज मुहल्ले की है, जहां अनिल गोस्वामी नामक शख्स के घर महिलाएं छठ का प्रसाद बना रही थीं। तभी सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण घर में आग लग गई। आग लगने की खबर मिलते ही आस-पड़ोस के लोग भी आग बुझाने पहुंच गए। इसी बीच सूचना पाकर नगर थाना की पुलिस की गश्ती टीम भी वहां पहुंच गई और पुलिसकर्मी आग बुझाने का प्रयास करने लगे। मगर इसी दौरान सिलिंडर ब्लास्ट की चपेट में आने से 7 पुलिसकर्मी समेत लगभग 34 लोग आ गए और झुलस गए।

आग की भीषणता देख लोग चीखने-चिल्लाने लगे। आस-पड़ोस के लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन, आग बढ़ती ही गयी। जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में घायल पुलिस के एक जवान ने बताया कि वो गश्त कर रहे थे तभी उन्हें एक सूचना मिली कि वार्ड नं 24 में आग लगी है। वो तुरंत उस मोहल्ले में पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि आग लगी हुई थी

पुलिसवालों ने बताया कि एक पानी के पाइप से जैसे ही आग बुझाने की कोशिश की तो सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। इस हादसे में 7 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से झुलसे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से करीब 10 लोगों की हालत गंभीर बताई गयी है।